राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा बाेले, देश काे खामाेश नहीं जिम्मेदार राष्ट्रपति की जरूरत

रायपुर(realtimes) राष्ट्रपति पद के संयुक्त विपक्ष के उम्मीदवार पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिंहा अपने पक्ष में समर्थन मांगने रायपुर पहुंचे हैं। यहां पर पत्रकाराें से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा, देश काे खामाेश नहीं बल्कि एक जिम्मेदार राष्ट्रपति की जरूरत है जाे देश की स्थिति काे देखते हुए चुप बैठने की बजाए केंद्र सरकार काे सलाह दे सके, यही वजह है कि मैं आज चुनाव मैदान में हूं।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए यशवंत सिन्हा ने सबसे पहले कहा, छत्तीसगढ़ से मेरा अलग ही रिश्ता है। यहां मेरा ससुराल है। मैं 60 साल पहले भिलाई में बारात लेकर आया था। उन्होंने कहा, राष्ट्रपति पद के लिए समर्थन जुटाने के अभियान का आगाज हमने केरल से किया है। वहां से हमें सौ फीसदी समर्थन मिलेगा। इसके बाद चेन्नई और अब रायपुर आना हुआ है। श्री सिंहा ने केंद्र सरकार पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा, होना तो यह चाहिए था कि सत्ता में बैठी सरकार इसको लेकर विपक्ष से बात करके सहमति बनाती ताकि चुनाव की नौबात ही नहीं आती, लेकिन सत्ता पक्ष से ऐसा कुछ नहीं किया है। यही वजह है कि विपक्ष से संयुक्त रूप से फैसला करके मुझे उम्मीदवार बनाया है। मेरे लिए उम्मीदवार बनाना ही गर्व की बात है। उन्होंने कहा, तीन लोगों के बाद मेरा आया इससे परेशानी नहीं है, मेरा नंबर दसवां भी होता तो मुझे परेशानी नहीं होती। श्री सिंहा ने कहा, इस समय देश बड़ी विकट परिस्थिति में है। देश अशांत है, समाज पर एक विचारधारा थोपने का काम हो रहा है। संविधान इसकी इजाजत नहीं देता है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्य है कि इसको सरकार ही बढ़ावा दे रही है। श्री सिंहा से पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बताया कि राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिंहा यहां पर चुनाव प्रचार के लिए आए हैं। शाम को विधायकों और सांसदों के उनकी बैठक है। पत्रकारों से चर्चा के दौरान राज्यसभा सांसद केटीएस तुलसी, कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष मोहन मरकाम सहित कांग्रेस के कई नेता उपस्थित थे।



