
रायपुर। कांग्रेस महाधिवेशन को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, कोरोना के दौरान सरकार के गलत निर्णयों से दो करोड़ से अधिक रोजगार गया। गलत तरीके से बनाई और लागू की गई जीएसटी ने व्यापारियों का व्यापार चौपट कर दिया। आधी रात अचानक लॉकडाउन कर लोगों को दर बदर कर दिया। लोगों को अंतिम संस्कार भी नसीब नहीं हुआ। आज हालत यह है कि गरीब और गरीब हो गया। मुठ्ठी भर लोगों की दौलत में इतनी बढ़ोतरी हुई कि एक अमीर दुनिया के दूसरे नंबर के अमीर हो गए। मजदूर की आय 27 रुपए है और प्रधानमंत्री के एक दोस्त की आय 1 हजार करोड़ रुपए प्रति दिन है। 1000 से ज्यादा प्रतिशत आय बढ़ी उनके दोस्त की। प्रधानमंत्री एक कर 70 साल से बनाई संपत्ति को अपने मित्रों के हवाले कर रहे हैं। आकाश, धरती, पाताल सब बेच रहे हैं। एलआईसी और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया बच पाएगा या नहीं इसकी भी चिंता है।
श्री खड़गे ने कहा है कि इस महाधिवेशन को रोकने के लिए भाजपा सरकार ने छापा मारा और हमारे लोगों को गिरफ्तार किया, लेकिन छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जमकर मुकाबला किया और इस अधिवेशन को यशस्वी बनाया। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यही कांग्रेस की ताकत है। मुकाबले के लिए सोचना चाहिए। लड़ते रहेंगे तो हासिल करेंगे। देश के प्रजातंत्र के खिलाफ षड्यंत्र किया जा रहा है। हम सबको मिलकर देश जोड़ने का आंदोलन चलाना है।
शनिवार को नवा रायपुर में कांग्रेस के 85 वें अधिवेशन के संबोधित करते हुए कहा कि देश में अमीर और गरीब के बीच की खाई बढ़ती जा रही है। दलित,आदिवासी, पिछड़े,अल्प संख्यक किसान,मध्यम वर्ग के लिए सरकार के पास कोई कोई जगह नहीं है। सरकार ने नोटबंदी की तो कारोबार पर ताले लग गए। जीएटी लाया को छोटे उद्योग धंधेों का कामकाज ठप्प हो गया। कोरोना काल में अचानक लॉकडाउन करवा दिया। मजदूरों के लिए परेशानी खड़ी कर दी। देश के 12 करोड़ लोगों का रोजगार छिन गया और 23 करोड़ लोगों को गरीब रेखा से नीचे धकेल दिया गया।
देश का सामाजिक माहौल बिगाड़ा
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने सत्ता स्वार्थ के लिए संसद से लेकर संवैधानिक संस्थाओं की मर्यादा तोड़ी है। देश में महंगाई,बेरोजगारी से घरों का बजट बिगड़ गया है। नोटबंदी जीएसटी से कारोबार बरबाद हुए,फसल की सही कीमत न देकर किसानों को बरबाद किया जा रहा है। देश का सामाजिक माहौल बिगड़ा है।
आखिरी सांस तक कांग्रेस के मूल्यों की रक्षा करूंगा
श्री खड़गे ने अपने संबोधन की शुरुआत में कहा कि कांग्रेस पार्टी के डेलीगेट का धन्यवाद करना करना चाहते हैं जिन्होंने मुझ पर विश्वास किया और कांग्रेस का नेतृत्व करने का अवसर दिया। यह विश्वास मेरी जीवन भर की कमाई है। मैं आखिरी सांस तक कांग्रेस के मूल्यों की रक्षा करूंगा। बलिदान देकर भी चुनौती का सामना करूंगा। उन्होंने कहा कि ये कांग्रेस में संभव है कि एक साधारण व्यक्ति जो ब्लॉक कमेटी का अध्यक्ष था आज भारतीय कांग्रेस का अध्यक्ष निर्वाचित हुआ है। ब्लॉक से एआईसीसी अध्यक्ष बनने का मुझे मौका मिला आज मैं भावुक हूं। क्योंकि मैं गौरव शाली विरासत की नुमाईंदगी कर रहा हूं।



