हाथरस: सत्संग के दौरान मची भगदड़ में 107 श्रद्धालुओं की मौत - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
national

हाथरस: सत्संग के दौरान मची भगदड़ में 107 श्रद्धालुओं की मौत

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में एक भयानक भगदड़ की घटना घटी, जिसमें 107 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। यह हादसा भोले बाबा के सत्संग के दौरान हुआ, जिसमें भारी संख्या में लोग शामिल हुए थे। हादसे में बड़ी संख्या में लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मरने वालों में ज्यादातर महिलाएं शामिल हैं। एडीजी आगरा जोन कार्यालय के पीआरओ ने 107 लोगों के मरने की पुष्टि की है।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा सिंकरामऊ कोतवाली क्षेत्र के फुलराई गांव में भोले बाबा साकार हरि के सत्संग के दौरान हुआ। इस सत्संग में दूसरे जिलों से भी भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए थे। प्रशासन के अनुसार, करीब सवा लाख से ज्यादा श्रद्धालु सत्संग में आए थे, जिसमें पुरुष, महिला और बच्चे शामिल थे।

हादसे का कारण

बताते हैं कि सत्संग के दौरान भीड़ और गर्मी के चलते कुछ श्रद्धालुओं की तबीयत अचानक से खराब होने लगी। गर्मी और उमस के कारण लोगों का दम घुटने लगा। सत्संग समाप्त होने के बाद जब लोग जाने के लिए उठे, तो अचानक कुछ लोग बेहोश होकर गिर गए। इसके बाद भगदड़ मच गई, जिसमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे जमीन पर गिर गए और उन्हें पैरों से कुचलते हुए लोग आगे भागे, जिसमें 107 लोगों की मौत हो गई।

प्रशासन की प्रतिक्रिया

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अलीगढ़ और एटा पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया है। घायलों का इलाज अलीगढ़ और हाथरस के अस्पतालों में चल रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रतिक्रिया

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है और अधिकारियों से घटना की पूरी रिपोर्ट तलब की है। सीएम योगी ने अफसरों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायलों के समुचित उपचार के भी निर्देश दिए हैं और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। इस भगदड़ हादसे की जांच एडीजी आगरा जोन और कमिश्नर अलीगढ़ को सौंपी गई है।

Related Articles

Back to top button