क्या पाटन में होगी चाचा-भतीजे की जंग, ये बोले विजय बघेल

रायपुर(realtimes) छत्तीसगढ़ में इस साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. ऐसे में दुर्ग जिले की बात की जाए तो यहां से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पाटन से विधायक हैं. दूसरी तरफ उन्हीं का भतीजा विजय बघेल बीजेपी से सांसद हैं. पाटन विधानसभा से दोनों एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ चुके हैं.
इस बार भी दुर्ग के भाजपा सांसद विजय बघेल की मंशा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ चुनाव लड़ने की है लेकिन उनकी इस मंशा के बीच में पार्टी के नियम बाधा है। उनका कहना है, अगर पार्टी ने मुझसे पूछा तो मैं कहूंगा मैं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ चुनाव लड़ना चाहता हूं। यह मेरी व्यक्तिगत इच्छा है, लेकिन भाजपा में किसी भी सांसद, विधायक या किसी भी नेता की इच्छा मायने नहीं रखती है। हमें अपनी इच्छा जताने का अधिकार नहीं है। सब पार्टी तय करती है, पार्टी ने तय किया और पूछा तो जरूर अपनी इच्छा बताऊंगा।
श्री बघेल ने कहा, अक्सर मुझसे मीडिया की तरफ से सवाल आते हैं कि आप कहां से चुनाव लड़ना चाहते हैं, क्या विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे। भाजपा में सब कुछ पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व तय करता है। अगर राष्ट्रीय नेतृत्व ने तय किया कि छत्तीसगढ़ में सांसदों को भी विधानसभा चुनाव लड़ना है और इसके लिए मुझे चुना गया और चुनाव लड़ने कहा गया तो मैं जरूर विधानसभा का चुनाव लडूंगा। अब मुझे चुनाव कहां से लड़ना है, यह मैं तय नहीं कर सकता। यह तय करना पार्टी का काम है। पार्टी ही तय करती है कि किसको किसके खिलाफ चुनाव लड़ना है। पार्टी से अगर मुझसे मेरी इच्छा के बारे में पूछा तो मेरा एक ही जवाब होगा कि मैं पाटन से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ ही चुनाव लड़ना चाहता हूं। मेरी इच्छा के मुताबिक पार्टी से मुझे टिकट दिया तो मैं पाटन से जरूर चुनाव लडूंगा।



