पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर ने खड़ा किया सवाल- क्या जाति गणना होने पर कांग्रेस अपनी पार्टी में इसे करेगी लागू - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर ने खड़ा किया सवाल- क्या जाति गणना होने पर कांग्रेस अपनी पार्टी में इसे करेगी लागू

रायपुर(realtimes) पांच राज्यों में हाेने वाले विधानसभा चुनाव काे लेकर कई तरह की राजनीति हाे रही है। एक बड़ी राजनीति इस समय जाति गणना काे लेकर हाे रही है। पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस के जाति गणना कराए जाने के मामले को लेकर बड़ा सवाल खड़ा करते हुए कहा, कांग्रेस को पहले इस बात का जवाब देना चाहिए कि जातिगणना होने पर क्या कांग्रेस इसे अपनी पार्टी में लागू करेगी, या महज राजनीति करने के लिए जाति गणना की बात की जा रही है।

श्री प्रसाद ने कहा, जातिगणना की बात करना महज राजनीति है। उन्होंने कहा- मैं राहुल गांधी को एक बात जरूर कहना चाहूंगा कि उनकी दादी स्वर्गीय इंदिरा गांधी का एक काफी पुराना बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है कि हमें जात-पात से ऊपर उठना है। तो क्या राहुल गांधी ने अपनी दादी से कुछ सीखा है, जिनके पारिवारिक प्रभाव के कारण वहां बैठे हुए हैं, उनको भी देख लिया करिए। इसी के साथ उन्होंने कहा, कांग्रेस को इस बात का भी खुलासा करना चाहिए कि अगर जातिगणना होती है तो क्या कांग्रेस इसे पार्टी के अंदर लागू किया जाएगा या महज यह दिखावा है।

जाेगी तरह हाेगी बड़ी हार

रविशंकर प्रसाद रायपुर के दाैरे पर है। उन्हाेंने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कोयला, शराब, गोठान, गाेबर से लेकर पीएससी घोटाले का उल्लेख करते हुए कहा, यहां पर कांग्रेस की घोटालों की सरकार चल रही है। इस सरकार का हाल भी अजीत जोगी की सरकार की तरह होने वाला है। भूपेश सरकार को भी जोगी सरकार की तरह बड़ी हार का सामना करना पड़ेगा। 

बनेगी भाजपा की सरकार

भाजपा की सरकार बनने का दावा करते हुए पूर्व केंद्रीय कानून मंत्री ने कहा, भाजपा की सरकार बनते ही सभी घोटालों की जांच कराएंगे और दोषियों पर एक्शन भी होगा। इसी के साथ  श्री प्रसाद ने प्रदेश सरकार के घोटालों को गिनाने का काम करने के बाद सीधे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर हमला करते हुए कहा- भूपेश बाबू आखिर आपको गेमिंग एप से इतना प्यार क्यों है। इसके बाद उन्होंने महादेव एप का उल्लेख करते हुए कहा, इस एप का संचालन छत्तीसगढ़ का एक युवा कर रहा है। उसने अपने विवाह समारोह में 200 करोड़ रुपए खर्च किए और इसमें कई सिने स्टारों को भी भुगतान करके बुलाया गया। महादेव एप का कनेक्शन मुख्यमंत्री के एक करीब से भी है।
ईडी पर बोले- कांग्रेस कोर्ट क्यों नहीं जाती
पूर्व केंद्रीय कानून मंत्री ने ईडी मामले को लेकर कहा, ईडी को लेकर मुख्यमंत्री से लेकर कांग्रेस के नेता भाजपा पर आरोप लगाते हैं कि यह सब केंद्र सरकार के इशारे पर हो रहा है। अरे भई आप क्या सोचते हैं कि भ्रष्टाचार हो और कोई कार्रवाई भी न हो। कोयला घोटाले में दो-दो कलेक्टर जेल में हैं, अधिकारी जेल में हैं। शराब घोटाले में भी नेता जेल में है, किसी को बेल नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा, कांग्रेस को अगर किसी भी तरह का काेई भी संदेह है ताे कोर्ट जाएं, हाईकोर्ट है सुप्रीम कोर्ट है। अगर ईडी का मामला सही नहीं होता तो जिन पर कार्रवाई की गई है उनको जमानत क्यों नहीं मिल रही है।
सनातन के अपमान पर चुप क्यों
श्री प्रसाद ने कांग्रेस के भाजपा पर राजधर्म निभाने के आरोप पर कहा, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बताएं सनातन धर्म का अपमान करना कौन का राज्य धर्म है। अगर वे श्रीराम और राम गमन पथ की बात करते हैं तो उनके पिता श्रीराम को लेकर जो कहते हैं उसका क्या है। कांग्रेस के लोग लगातार सनातन धर्म का अपमान कर रहे हैं, इस पर भूपेश बघेल चुप क्यों है। क्या उनको सनातन धर्म का अपमान बर्दाश्त है। भाजपा तो यह कदापि बर्दाश्त नहीं करती है। उन्होंने कहा, छत्तीसगढ़ में लगातार कांग्रेस सरकार के संरक्षण में धर्मांतरण हो रहा है।
शराबबंदी का इरादा ही नहीं
श्री प्रसाद ने कांग्रेस मीडिया विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन खेड़ा के उस बयान पर, जिसमें कहा गया है कि प्रदेश सरकार शराबबंदी के लिए प्रतिबद्ध है और यह चरणबद्ध पूरी की जाएगी, कटाक्ष करते हुए कहा, यह तो भूपेश सरकार की ऑफिशियल लाइन है। पांच साल हो गए, प्रदेश सरकार ने एक कदम तक नहीं उठाया तो अब कब उठाएगी? दरअसल प्रदेश की कांग्रेस सरकार कभी कदम नहीं उठाने वाली थी । यह प्रदेश सरकार के लिए नोट कमाने वाली मशीन है। इस सरकार का शराबबंदी का इरादा ही नहीं है। कांग्रेस ने सारे झूठे वादे किए हैं।

Related Articles

Back to top button