कबीरधाम जिले को मेडिकल कॉलेज की सौगात - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

कबीरधाम जिले को मेडिकल कॉलेज की सौगात

रायपुर(realtimes) मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज कबीरधाम जिले के कवर्धा विधानसभा क्षेत्र में भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान जिले को मेडिकल कॉलेज की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अंचल में एक नया मेडिकल कॉलेज खोला जाएगा। इस संबंध में मुख्यमंत्री श्री बघेल ने बताया कि राहुल गांधी ने अपने कवर्धा प्रवास के दौरान लोगों की मांग पर कबीरधाम जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने का वादा किया था, उनके वायदे और क्षेत्रीय लोगों की मांग का सम्मान करते हुए राज्य सरकार ने जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने का निर्णय लिया है। नये मेडिकल कॉलेज के संबंध में शीघ्र ही प्रस्ताव बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। मुख्यमंत्री की इस घोषणा के दौरान स्वास्थ्य मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री टी.एस. सिंहदेव, वन मंत्री एवं कवर्धा विधायक मोहम्मद अकबर और पंडरिया विधायक ममता चन्द्राकर भी मौजूद थी।

सकरी नदी पर निर्मित उच्च स्तरीय पुल

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कबीरधाम जिले के भेंट- मुलाकात प्रवास के दौरान आज कवर्धा शहर के राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 के सकरी नदी पर 9 करोड़ 10 लाख की लागत से निर्मित उच्च स्तरीय पुल का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि यह पुल इस जिले में विकास की नई इबारत लिखेगा और संपर्क क्रांति लाएगा। सकरी नदी पर निर्मित यह पुल शहर का सबसे ऊंचा पुल है। इसके बन जाने के बाद मध्यप्रदेश के जबलपुर, मंडला, रायपुर, मार्ग तथा राज्य के निकटतम जिला मुंगेली, बेमेतरा, बिलासपुर मुख्यालय के लिए बारहमासी संपर्क बना रहेगा। नव निर्मित उच्च स्तरीय पुल के निर्माण होने से बारिश के मौसम में अब मध्यप्रदेश सहित निकटतम जिला मुंगेली, बेमेतरा से संपर्क बना रहेगा। इससे बारह महीने आवागमन की सुविधा मिलेगी। नवीन पुल निर्माण से खुश शहर के लोगों ने पुरानी मांग पूरी होने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

जिले के चौथे अनुविभाग सहसपुर लोहारा का विधिवत शुभारंभ किया

भूपेश बघेल ने आज अपने प्रदेशव्यापी भेंट-मुलाकात के कबीरधाम जिले के प्रवास के दौरान सोमवार को विकासखण्ड मुख्यालय सहसपुर लोहारा में नवीन राजस्व अनुविभाग मुख्यालय कार्यालय का शुभारंभ किया। इस मौके पर जिले के प्रभारी मंत्री टीएस सिंहदेव, कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर, पंडरिया विधायक ममता चंद्राकर, कलेक्टर जनमेजय महोबे एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहे।

क्षेत्रवासियों को प्रशासनिक सुविधा और वनांचल, दूर-दराज के ग्रामीणों की सुविधा के लिए सहसपुर लोहारा में अनुविभाग कार्यालय का विधिवत शुभारंभ के साथ ही ग्रामीणों के लंबे समय की मांग को मुख्यमंत्री श्री बघेल ने पूरा किया है। कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर के विशेष प्रयास से यह उपलब्धि क्षेत्रवासियों को मिली है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज तहसील सहसपुर लोहारा को अनुविभाग का स्वरूप देकर इसका शुभारंभ कर क्षेत्रवासियों को सहसपुर लोहारा के अनुविभाग बनने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

झलमला में भेंट-मुलाकात के दौरान की गई घोषणाएं

– ग्राम झलमला में नया ग्राम पंचायत भवन बनाया जाएगा।

– ग्राम झलमला स्थित हाई स्कूल और कन्या आश्रम में बॉउंड्रीवाल निर्माण।

– ग्राम झलमला में मंदिर से लेकर आंगनबाड़ी भवन तक और टॉवर से लेकर हाई स्कूल भवन तक सीसी रोड निर्माण।

– ग्राम बोइरकछरा से गंडईखुर्द तक सड़क निर्माण। 

– कवर्धा पोड़ी मुख्य मार्ग से ग्राम परसहा गाड़ाघाट तक सड़क निर्माण।

– कुसुमघटा से बोइर कछरा मार्ग में फोक नदी पर उच्चस्तरीय पुल का निर्माण।

– चिल्फी, रेंगाखार और पोड़ी में स्वामी आत्मानंद स्कूल खोलने की घोषणा।

Related Articles

Back to top button