कज़ान पर ड्रोन हमला: रूस ने यूक्रेन पर लगाया आरोप

मॉस्को। रूस के कज़ान शहर में शनिवार सुबह एक बड़ा ड्रोन हमला हुआ, जिसे अमेरिका के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर हमले जैसा बताया जा रहा है। इस हमले में तीन जिलों—सोवेत्स्की, किरोव्स्की और प्रिवोलज़्स्की—में आग लगने की घटना सामने आई है। हालाँकि, इस हमले की जिम्मेदारी अभी तक किसी ने नहीं ली है, लेकिन रूस ने सीधे-सीधे यूक्रेन पर आरोप लगाया है।
सूत्रों के अनुसार, यह हमला मानव रहित ड्रोन के जरिए किया गया। हमले के बाद सोवेत्स्की और किरोव्स्की जिलों में कई इमारतों में आग लग गई। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि नागरिकों को सायरन बजने पर नीचे जाने और शांत रहने की सलाह दी गई। सभी प्रभावित इमारतों को तुरंत खाली करवा दिया गया और फायर ब्रिगेड की टीमें आग पर काबू पाने में जुटी रहीं।
रूस की सुरक्षा एजेंसियों ने बताया कि हमले के बाद ड्रोन को नष्ट कर दिया गया है। इस घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। सुरक्षा कारणों से कज़ान एयरपोर्ट पर उड़ानों को रोक दिया गया है।
हमले के पीछे कौन है, इसका पता लगाने के लिए जांच जारी है। रूस ने इसे यूक्रेन का आतंकी हमला बताया है, लेकिन यूक्रेन की तरफ से अभी तक इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। इस घटना ने रूस में सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।



