बुलडोजर की सियासत में भूपेश ने भाजपा नेताओं पर किया वार,बाेले- बताएं मोदी-शाह की चलेगी या योगी की

रायपुर। उप्र के बुलडोजर की अब अपने राज्य में एंट्री हाे गई है। लगातार भाजपा नेता इसको लेकर बयान दे रहे हैं। ऐसे में अब मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की भी इस सियासत में एंट्री हाे गई है। मुख्यमंत्री ने इस बहाने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ही गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला करते हुए कहा है, इनसे अब भाजपा नेताओं का मोहभंग हाे गया है, इसलिए अब योगी आदित्यनाथ की बात कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने यहां पर पत्रकाराें से चर्चा करते हुए कहा, माेदी का जादू उतर रहा है, अमित शाह का जादू खत्म हो चुका है, इसलिए योगी इनके नेता हैं, स्पष्ट करें मोदी और शाह की जोड़ी चलेगी, या योगी की राजनीति चलेगी उनको तय करना चाहिए, उनके नेता कौन हैं योगी हैं कि मोदी हैं।
इसके पहले छत्तीसगढ़ में बुलडोजर पर पहला बयान भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अरुण साव का सामने आया। वे लगातार अलग-अलग जिलों में दौरा कर रहे हैं। हाल ही में अरुण साव का एक वीडियो सामने आया, उनसे एक युवक पूछ रहा है कि छत्तीसगढ़ में भी यूपी जैसे बुलडोजर चलेगा क्या… जवाब में श्री साव कह रहे हैं कि छत्तीसगढ़ में अगर बुलडोजर चलाना है तो सरकार बदलनी होगी । जब भाजपा की सरकार आएगी तो अन्याय के खिलाफ बुलडोजर चलेगा, जैसे लातों के भूत बातों से ही मानते हैं उसी तरह भाजपा भी अन्याय करने वाले अत्याचारियाें पर बुलडोजर चलाएगी।
इसके बाद इस पर सबसे पहले राज्य के मंत्री रवींद्र चाैबे से प्रतिक्रिया दी ताे इस पर छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ भाजपा नेता विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने पलटवार करते हुए कहा, अगर प्रदेश में खुशहाली चाहिए तो हमको भी बुलडोजर चलाना पड़ेगा। तुष्टीकरण की राजनीति बंद करनी पड़ेगी । छत्तीसगढ़ में जो बदहाली का दौर मौजूद है वह कांग्रेस की वजह से है। छत्तीसगढ़ आबादी के दृष्टिकोण से देश का 22 वें नंबर का राज है, मगर अपराध के मामले में टॉप टेन पर है। छत्तीसगढ़ ऐसा राज्य बन गया है, जहां अपराधिक और असामाजिक कृत्य के लोग गली गली घूम रहे हैं। ऐसे माफियाओं पर भाजपा की सरकार आने पर निश्चित रूप से हम बुलडोजर चलवाएंगे। इस बयानबाजी में नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल भी कूदे ताे मुख्यमंत्री भी सामने आए हैं।



