Shimla जिले में 5 लाख 83 हजार 949 वोटर करेंगे मतदान, प्रशासन की तैयारी हुई पूरी

शिमला: भारत चुनाव आयोग ने हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव की घोषणा कर दी है। प्रदेश में 12 नवंबर को चुनाव होंगे और 8 दिसंबर को मतगणना के बाद नतीजे आएंगे। शिमला जिला प्रशासन ने सभी आठ विधानसभा सीटों पर चुनाव के लिए तैयारियां पूरी कर ली है। जिला शिमला में कुल 1 हजार 044 पोलिंग बूथ पर 5 लाख 83 हजार 949 वोटर मतदान करेंगे। इनमें 2 लाख 98 हजार 171 पुरुष और 2 लाख 85 हजार 778 महिला मतदाता शामिल हैं। जिला में मतदान प्रतिशतता बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन विशेष प्रयास कर रहा है। जिला की शिमला शहरी विधानसभा क्षेत्र में मतदान प्रतिशत कम दर्ज किया जाता रहा, इसे बढ़ाने के लिए भी प्रशासन विशेष प्रयास कर रहा है। जिला में दिव्यांग मतदाताओं के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। जिला शिमला निर्वाचन अधिकारी आदित्य नेगी ने कहा कि जिला प्रशासन चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने सभी लोगों से निष्पक्ष मतदान करने के लिए जनता से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि जिला में मतदान के लिए प्रशासन ने तैयारी कर ली है।
डोडरा क्वार में बर्फबारी होने पर भेजा जाएगा हैलीकॉप्टर मदद का प्रस्ताव
जिला शिमला निर्वाचन अधिकारी शिमला आदित्य नेगी ने बताया कि जिला के डोडरा क्वार में बर्फबारी होने की स्थिति को लेकर भी तैयारी कर ली है। जिला प्रशासन ने इसके लिए सरकार को हैलीकॉप्टर की मदद का भी प्रस्ताव भेजा है। उन्होंने युवा मतदाताओं से भी अपील है कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में मतदान करें। उन्होंने जनता से अपील की है कि जितने भी युवाओं की आयु 18 वर्ष हो गई हैं वो अपना वोटर आईडी बनाए और मतदान करें। उन्होंने जिला की जनता से अपील की किसी भी प्रकार के प्रलोभन में न आएं निष्पक्ष मतदान करें।



