भाजयुमो 21 किलोमीटर पदयात्रा करके घेरेगी तहसील कार्यालय

रायपुर. प्रदेश भाजयुमो भ्रष्टाचार को लेकर हर मंडल से 21 किलोमीटर की पदयात्रा निकालकर तहसील दफ्तरों को घेरेेगी। इसकी अगली कड़ी में सभी संभागों में 20-20 हजार कार्यकर्ताओं के साथ भ्रष्टाचार के मुद्दे पर बड़ा आंदोलन होगा। अंत में बेरोजगारी भत्ते को लेकर भी राज्य स्तर का बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इसके पहले 24 से 26 अप्रैल तक बेरोजगारी भत्ते पर पूरे राज्य में आंदोलन किया जाएगा।
कोर कमेटी की बैठक एक दिन पहले बनी आंदोलनों की रणनीति को अमल में लाते हुए ठाकरे परिसर में भाजयुमो की बैठक सह प्रभारी नितिन नवीन ने ली। बैठक में आंदोलनों की रणनीति बनाते हुए भाजयुमो को जिम्मा दिया गया है। पहला आंदोलन बेरोजगारी भत्ते को लेकर होगा। सबको भत्ता, पूरा भत्ता के नारे के साथ 24 से 26 अप्रैल के बीच अलग-अलग जिलों में रोजगार दफ्तरों का घेराव किया जाएगा। इसमें प्रदेश सरकार से सभी बेरोजगारों को साढ़े चार साल का पूरा भत्ता देने की मांग रखी जाएगी।
संभागों में 20-20 हजार के साथ आंदोलन
भाजयुमो को दूसरे मुद्दे के रूप में भ्रष्टाचार को लेकर आंदोलन करने का जिम्मा सौंपा गया है। इसमें पहली कड़ी के रूप में हर मंडल से 21 किलोमीटर की पदयात्रा निकाली जाएगी और तहसील कार्यालय तक जाएगी और वहां पर आंदोलन होगा। एक तहसील में दो से तीन मंडल होने पर सभी मंडल अलग-अलग स्थानों से पदयात्रा निकालकर तहसील दफ्तर तक पहुंचकर वहां पर प्रदर्शन करेंगे। यह आंदोलन मई में होगा। इसके बाद भ्रष्टाचार को लेकर ही संभागों में 20-20 हजार कार्यकर्ता जुटाकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। भाजपा प्रदेश सह प्रभारी नितिन नवीन ने कहा, विशेष रूप से नव मतदाता अभियान को मई महीने में करना है। युवाओं से संपर्क अभियान भी करना है। जिसके बाद जून, जुलाई में मतदाता सम्मान समारोह आयोजित करना है। श्री नवीन ने कहा भ्रष्टाचार के विषय में एक कमेटी बनाकर उसकी वृस्तित योजना बनाई जाएगी। मंडल बूथ स्तर तक हर प्रदेश ,जिला, मंड़ल के कार्यकर्ताओं का प्रवास करना है। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, भाजयुमो प्रदेश सह प्रभारी दीप ज्योति मुंड, प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत, प्रदेश महामंत्री उपकार चंद्राकर और अंकित जायसवाल, राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य गुंजन प्रजापति उपस्थित थे।



