दंतेवाड़ा-बीजापुर मुठभेड़ में इनामी सुधीर सहित 3 नक्सली ढेर

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के जिला दंतेवाड़ा और बीजापुर मुठभेड़ में मंगलवार को 25 लाख के इनामी सुधीर उर्फ सुधाकर सहित 3 नक्सली ढेर हुएहैं। इसके साथ मारे गए दो अन्य नक्सलियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं । बस्तर आईजी सुन्दरराज पी. ने तीन नक्सलियाें के मारे जाने की पुष्टि की है।बस्तर आईजी सुन्दरराज पी. ने बताया कि जिला दंतेवाड़ा और बीजापुर क्षेत्रान्तर्गत थाना गीदम के ग्राम गिरसापारा, नेलगोड़ा, बोड़गा तथा इकेली के सरहदी क्षेत्र में नक्सल कैडरों की उपस्थिति के सूचना पर नक्सल विरोधी अभियान पर दंतेवाड़ा डीआरजी और बस्तर फाइटर की टीम अभियान पर रवाना हुई थी।
इस अभियान के दौरान आज सुबह 8 बजे से नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच हुई मुठभेड़ हो गई। इसके बाद तलाशी अभियान में मौके से 3 पुरुष नक्सलियों के शव बरामद किए गए । प्रारंभिक तौर पर एक नक्सली की पहचान 25 लाख के इनामी दंडकारण्य स्पेशल जाेनल कमेटी का सदस्य सुधीर उर्फ सुधाकर उर्फ मुरली निवासी वारंगल जिला तेलंगाना के रूप में हुई है जबकि अन्य दो मारे गये नक्सलियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं l
मारे गये नक्सलियाें के शव के साथ मुठभेड़ स्थल से इंसास राइफल, 303 राइफल,12 बोर राइफल और अन्य विस्फोटक सामग्री एवं दैनिक उपयोग की वस्तुएं मौके से बरामद किया गया है । वर्ष 2025 में बस्तर संभाग अंतर्गत सुरक्षा बलों द्वारा प्रभावी रूप से प्रतिबंधित नक्सली संगठन के विरुद्ध अभियान संचालित किये जाने के परिणाम स्वरूप विगत 83 दिनों में 100 से अधिक हार्डकोर नक्सलियों के शव बरामद किये गये हैं ।


