मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
Top News

अगले 5 दिन घने कोहरे का रेड अलर्ट, 4 डिग्री तक गिरेगा पारा

दिल्ली-एनसीआर में ठंड और शीतलहर बढ़ती जा रही है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक 31 दिसंबर से फिर से शीत लहर और घने कोहरे का प्रकोप बढ़ेगा. साथ ही दो जनवरी तक न्यूनतम तापमान चार डिग्री तक पहुंच जाएगा. हालांकि बुधवार को दिल्ली में कोहरे से थोड़ी राहत मिली थी, लेकिन हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा. वहीं गौतमबुद्ध नगर प्रशासन ने सर्द मौसम के मद्देनजर नोएडा और ग्रेटर नोएडा में आठवीं तक के छात्रों के लिए एक जनवरी तक स्कूलों में कक्षाएं नहीं लगाने का आदेश जारी किया है.

डीआईओएस धर्मवीर सिंह ने बताया कि जिला मजिस्ट्रेट सुहास एलवाई की तरफ से आदेश जारी किया गया है. उन्होंने बताया कि आदेश के अनुसार, आठवीं तक के छात्रों के लिए एक जनवरी, 2023 तक स्कूलों में कक्षाएं नहीं लगेंगी. सभी प्रधानाध्यापक आदेश का पालन करें.

जनवरी में ठंड का प्रकोप बढ़ने के आसार

दरअसल राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली, हालांकि यह राहत महज कुछ दिन की है और जनवरी में ठंड का प्रकोप फिर बढ़ने के आसार हैं. रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि घने कोहरे के कारण दिल्ली जाने वाली 14 ट्रेनें देरी से चल रही हैं. सफदरजंग वेधशाला में बुधवार को न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मंगलवार को न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस और सोमवार को पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था.

अब मैदानी इलाकों में बह रही ठंडी हवाएं

मौसम वैज्ञानिकों ने दिन के तापमान में इस गिरावट के लिए मैदानी इलाकों से गुजरने वाली उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं और कोहरे के मौसम के कारण कम धूप निकलने को जिम्मेदार ठहराया है. स्काईमेट वेदर के मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन संबंधी विभाग के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण 25-26 दिसंबर को पहाड़ों में फिर से बर्फबारी हुई, जिसके बाद उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं अब मैदानी इलाकों में बह रही हैं.

31 दिसंबर से घने कोहरे और शीत लहर का प्रकोप

नए साल के पहले सप्ताह में उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकतर इलाकों में लोगों को घने कोहरे और शीत लहर का सामना करना पड़ सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को यह जानकारी दी. आईएमडी के मुताबिक, अगले 48 घंटे तक लोगों को कुछ राहत मिलेगी लेकिन 31 दिसंबर से घने कोहरे और शीत लहर का प्रकोप बढ़ेगा.

पंजाब के कुछ हिस्सों में शीत लहर

उसने बताया कि अगले दो दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि की संभावना है लेकिन उसके बाद इसमें 2-3 डिग्री की गिरावट आ सकती है. आईएमडी ने कहा कि 29 दिसम्बर को पंजाब के कुछ हिस्सों में शीत लहर चलने की संभावना है और एक तथा दो जनवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तरी राजस्थान में अलग-अलग हिस्सों में शीत लहर की स्थिति रहेगी. इस दौरान हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में घना कोहरा छाया रहेगा.

Related Articles

Back to top button