अक्षय तृतीया में कल से फिर गूंजेगी शहनाई, होटल, मैरिज हॉल सब पैक, होगी भरपूर कमाई

रायपुर. शादियों के सीजन का कल अक्षय तृतीया से फिर से आगाज हाे जाएगी। इस एक ही दिन में राज्य में हजारों शादियों के लिए शहनाई गूंजेगी। हालांकि 22 अप्रैल के बाद शादियों के लिए 13 दिनों तक इंतजार करना पड़ेगा। 6 मई से शादियों का मुहूर्त है। इसके बाद 27 जून तक कुल मिलाकर दो माह में 24 मुहूर्त हैं। इसके लिए अभी से ज्यादातर होटल और मैरिज हॉल पैक हो गए हैं। इस दो माह के सीजन में करीब 400 करोड़ की कमाई होने का अनुमान है।
कोरोना की वजह से दो साल तक शादियों के सीजन प्रभावित हुए हैं। इसके बाद से अब शादियों में भरपूर रौनक लौटी है। पिछले साल देवउठनी एकादशी के बाद से हुई शादियों में भी सभी कारोबारियों की जमकर कमाई हुई है। अब एक माह के ब्रेक के बाद फिर से शादियों का सीजन लौट रहा है। सीजन लौटने से पहले ही बाजार में रौनक है और लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं। शादियों के लिए लोग सराफा बाजार में जेवरों की खरीदारी कर रहे हैं।
हर सेक्टर में होगी जमकर कमाई
राजधानी में 50 से ज्यादा बड़े होटल और मैरिज हॉल हैं। इसमें करीब चार हजार कमरे हैं। इनमें से ज्यादातर शादियों के मुहूर्त के दिनों के लिए बुक हो गए हैं। लोग किसी भी कीमत में बाद में परेशान नहीं होना चाहते, यही वजह है कि न सिर्फ मई के मुहूर्त, बल्कि जून के भी ज्यादातर मुहूर्त में होटल, मैरिज हॉल और छोटे सामुदायिक भवन भी बुक हो गए हैं। लोग अपनी हैसियत के हिसाब से बुकिंग करा रहे हैं। हाई लेवल की शादियों के लिए बड़े होटल और मैरिज हॉल बुक हो रहे हैं, तो बाकी छोटे मैरिज हॉल और भवन बुक कर रहे हैं। मैरिज हॉल के साथ कैटरिंग और टेंट वालों का भरपूर कारोबार होने वाला है। कैटरिंग और टेंट कारोबार से जुड़े जसपाल सिंह होरा का कहना है, इस बार शादियों के सभी मुहूर्त के लिए कैटरिंग और टेंट की बुकिंग अभी से हो गई है। कारोबारियों की मानें, तो इस सीजन में सभी सेक्टरों को मिलाकर इस बार चार सौ करोड़ से ज्यादा का कारोबार होने की संभावना है।
मई के मुहूर्त
6 मई
8 मई
9 मई
10 मई
11 मई
15 मई
16 मई
20 मई
21 मई
22 मई
27 मई
29 मई
30 मई
जून के मुहूर्त
1 जून
3 जून
5 जून
6 जून
7 जून
11 जून
12 जून
23 जून
24 जून
26 जून
27 जून



