बिलासपुर: विकास की डिबेट बनी ‘वर्चस्व’ की जंग, लाइव शो में भिड़ गए विधायक सुशांत और अटल

वायरल हुआ ‘विधायक वार’: सुशांत की चुनौती पर अटल का पलटवार, सन्न रह गए दर्शक
बिलासपुर: जिले के विकास के रोडमैप पर चर्चा करने के लिए आयोजित एक निजी चैनल का डिबेट शो रविवार को उस वक्त सियासी अखाड़े में तब्दील हो गया, जब जिले के दो दिग्गज विधायक मर्यादा की सारी हदें लांघ गए। बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला और कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव के बीच विकास के मुद्दों से शुरू हुई बहस देखते ही देखते निजी हमलों, गाली-गलौज और गंभीर आरोपों तक जा पहुंची। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि मंच पर ‘सिर-फुटौव्वल’ की नौबत आ गई।
भू-माफिया के मुद्दे पर बिगड़ी बात घटनाक्रम की शुरुआत तब हुई जब भाजपा विधायक सुशांत शुक्ला ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए भू-माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप लगाया। शुक्ला ने कहा कि पिछली सरकार में केवल अपराध और अपराधियों को बढ़ावा मिला है। इस बयान ने आग में घी का काम किया और कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव अपना आपा खो बैठे।
“100 रुपये का रेट तुमने फिक्स किया” सुशांत शुक्ला के आरोपों पर पलटवार करते हुए अटल श्रीवास्तव ने मंच से ही उन पर ‘जमीन की दलाली’ का सीधा आरोप जड़ दिया। अटल ने तल्ख लहजे में कहा, “जमीन की दलाली तो तुम खुद करते हो, 100 रुपये स्क्वायर फीट का रेट किसने फिक्स किया है?” उन्होंने विधायक शुक्ला पर बिल्डरों से वसूली करने का भी आरोप लगाया।
मर्यादा की नसीहत और तीखी नोकझोंक माहौल गरम होते देख सुशांत शुक्ला ने अटल श्रीवास्तव को आरोपों को सिद्ध करने की चुनौती दी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “आप मेरे बड़े भाई हैं, ऐसी बातें आपको शोभा नहीं देतीं।” इस पर अटल श्रीवास्तव और उग्र हो गए और उन्होंने सुशांत को ‘बदतमीजी’ न करने की हिदायत दे डाली।
दो जनप्रतिनिधियों को इस तरह सार्वजनिक मंच पर लड़ते देख वहां मौजूद दर्शक भी सन्न रह गए। विकास की बातें धरी की धरी रह गईं और पूरा शो व्यक्तिगत आक्षेपों की भेंट चढ़ गया। इस तीखी झड़प का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जो राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।



