मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

सीएम साय की साैगात- रिसाली को 101 करोड़ रुपए विकास कार्यों के लिए, खुर्सीपार को 154 करोड़ 66 लाख, भिलाई में साईबर थाने का लोकार्पण

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को भिलाई-दुर्ग क्षेत्र के लिए साैगातों का खजाना खोला। यहां रिसाली को विकास कार्यों के लिए 101 करोड़, खुर्सीपार को 154 करोड़ की साैगात देते हुए दुर्ग रेंज के तहत भिलाई में साइबर थाने का लोकार्पण भी किया। 

इस माैके पर श्री साय ने कहा- प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी की परिकल्पना के अनुरूप छत्तीसगढ़ के शहरों को आर्थिक विकास, उद्योग, व्यापार और रोजगार के सशक्त केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री  के नेतृत्व में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और राज्य सरकार की पहल से नगरीय क्षेत्रों में आधुनिक अधोसंरचना तथा नागरिक सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। डबल इंजन की सरकार का प्रयास है कि शहरों में रहने वाले प्रत्येक नागरिक को बेहतर आवास, स्वच्छ पेयजल, सुगम आवागमन और गुणवत्तापूर्ण बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हों।मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज दुर्ग जिले के नगर पालिक निगम रिसाली में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर 101 करोड़ रुपए से अधिक की लागत के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। साथ ही क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण, जल निकासी और मुक्तिधामों के उन्नयन के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में नगरीय विकास को नई दिशा दी है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अमृत मिशन से शहरों में पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। स्वच्छ भारत मिशन ने शहरों में स्वच्छता के प्रति नई जागरूकता पैदा की है। पीएम स्वनिधि योजना से रेहड़ी-पटरी और छोटे कारोबारियों को आर्थिक संबल मिल रहा है, वहीं पीएम ई-बस सेवा के माध्यम से आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा दिया जा रहा है।

रिसाली में 101 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आज रिसाली नगर निगम क्षेत्र में 101 करोड़ से अधिक की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया है। इनमें नगर निगम के अंतर्गत 29 करोड़ 55 लाख रुपए की लागत के 22 कार्यों का भूमिपूजन तथा 39 करोड़ 56 लाख रुपए की लागत के दो कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इसके अतिरिक्त लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत 28 करोड़ 6 लाख रुपए की लागत के एक कार्य और मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के अंतर्गत 3 करोड़ 84 लाख रुपए की लागत के चार कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

उन्होंने  कहा कि आजाद मार्केट से प्रगति नगर होते हुए मैत्री कुंज तक 10 करोड़ 84 लाख रुपए की लागत से नाला निर्माण किया जाएगा। इससे क्षेत्र में जल निकासी की व्यवस्था बेहतर होगी। इसी प्रकार डीपीएस चौक से जोहार चौक तक 5 करोड़ 59 लाख रुपए की लागत से सड़क का विकास किया जाएगा, जिससे यातायात अधिक सुगम होगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नगर निगम के वार्ड क्रमांक 18 में लगभग 1 करोड़ 95 लाख रुपए की लागत से ओवरहेड टैंक का निर्माण किया जाएगा। मैत्री नगर में लगभग 1 करोड़ 65 लाख रुपए की लागत से उद्यान निर्माण, समतलीकरण, स्ट्रीट लाइट और हाईमास्ट लाइट लगाने के कार्य किए जाएंगे।

इसी प्रकार तालपुरी और रूआबांधा क्षेत्र में लगभग 98 लाख रुपए से अधिक की लागत से विकास कार्य होंगे। डुंडेरा पश्चिम में 77 लाख रुपए, नेवई भांठा एवं नेवई बस्ती पूर्व में 74 लाख रुपए तथा सक्ती विहार रिसाली में 67 लाख रुपए की लागत से विभिन्न नागरिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय, नेवई भिलाई में लगभग 28 करोड़ 7 लाख रुपए की लागत से नए आवासीय भवन, बालक छात्रावास और वर्कशॉप भवन का निर्माण किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने कहा कि इन सभी कार्यों में सड़क, पेयजल, जल निकासी, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, उद्यान, सामुदायिक सुविधाओं और शैक्षणिक अधोसंरचना को प्राथमिकता दी गई है। इन विकास कार्यों से रिसाली के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।

रिसाली के लिए मुख्यमंत्री ने की महत्वपूर्ण घोषणाएं

मुख्यमंत्री श्री साय ने दुर्ग ग्रामीण विधायक श्री ललित चंद्राकर द्वारा रखी गई मांगों पर रिसाली नगर निगम क्षेत्र में जल शुद्धिकरण एवं पेयजल व्यवस्था के लिए 134 करोड़ रुपए, वार्ड क्रमांक 1 से 40 तक नाली सुदृढ़ीकरण के लिए 2 करोड़ रुपए तथा नेवई और जोरातराई में मुक्तिधामों के उन्नयन के लिए 50-50 लाख रुपए की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में रिसाली नगर निगम क्षेत्र को भी पीएम ई-बस सेवा से जोड़ा जाएगा। इससे क्षेत्र के नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन का लाभ मिलेगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि रिसाली के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य करती रहेगी। 
इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री  गजेंद्र यादव, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष तथा दुर्ग ग्रामीण विधायक श्री ललित चंद्राकर, सांसद  विजय बघेल, विधायक  रिकेश सेन, तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष  जितेंद्र साहू, खादी ग्रामोद्योग के अध्यक्ष  राकेश पांडे, दुर्ग महापौर श्रीमती अलका बाघमार, रिसाली महापौर श्रीमती शशि सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती बंजारे, पूर्व मंत्री श्रीमती रमशीला साहू एवं  सुरेंद्र कौशिक सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

कथा में हुए शामिल

मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय आज इस्पात नगरी भिलाई के सेक्टर-2 में आयोजित श्री राम कथा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने व्यासपीठ को नमन कर विश्वविख्यात कथाव्यास पूज्य संत श्री चिन्मयानंद बापू जी से आशीर्वाद लिया तथा श्रद्धालुओं के साथ बैठकर भक्तिभाव से श्री राम कथा का रसपान किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को कार्तिक पूर्णिमा एवं गुरू नानक देव जी की जयंती प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने माता कौशल्या की जन्मभूमि एवं प्रभु श्रीराम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में पूज्य संत श्री चिन्मयानंद बापू जी का समस्त प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव उपस्थित थे।

गुरुद्वारे में मत्था टेका

मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय आज गुरु नानक देव जी की जयंती के अवसर पर गुरूद्वारा श्री सिंगसभा सेक्टर 6 भिलाई में आयोजित प्रकाश पर्व समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने गुरूद्वारा में मत्था टेका तथा पवित्र श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के समक्ष शीश नवाकर छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रद्धाभाव से लंगर में शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया।

साइबर थाने का किया लोकार्पण

 मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज दुर्ग जिले के प्रवास के दौरान सेक्टर-6 भिलाई में महिला थाना के समीप 33.24 लाख रूपए की लागत से नवनिर्मित दुर्ग रेंज के साइबर थाना भवन का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने नवीन पुलिस चौकी रूआबांधा का उद्घाटन तथा पुलिस नियंत्रण कक्ष स्थित उन्नत एकलव्य प्रशिक्षण हॉल, परिवार परामर्श केन्द्र के काउंसलिंग कक्ष एवं किलकारी कक्ष का भी लोकार्पण किया।

खुर्सीपार भिलाईवासियों को कुल 154 करोड़

 मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज इस्पात नगरी खुर्सीपार भिलाईवासियों को कुल 154 करोड़ 66 लाख 86 हजार रूपए की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने लोकार्पण एवं भूमिपूजन समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि पिछले तीन वर्षों में नगर निगम भिलाई के विकास के लिए 886 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके है। मुख्यमंत्री श्री साय ने बीएसपी टाउनशिप में रहने वाले नागरिकों के रिटेंशन आवास के किराए में हुई 24 गुना वृद्धि को लेकर सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा के बाद अधिकारियों से बात की गई। इसके बाद मासिक किराए में बढ़ोतरी को कम कर 6 रुपये किए जाने का निर्णय लिया गया, जिससे हजारों परिवारों को राहत मिली है।

Related Articles

Back to top button