साव बोले- कर्मचारियों की मांगों काे करेंगे भाजपा के घोषणा पत्र में शामिल

रायपुर(realtimes) भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने शुक्रवार को यहां पर बड़ा ऐलान किया है कि भाजपा संविदा, अनियमित, दैनिक वेतन भोगी व अन्य प्रकार के अस्थाई कर्मचारियों की मांग को अपने घोषणापत्र में शामिल करेगी और सरकार बनते ही भाजपा अपना वादा पूरा करेगी। भाजपा जो कहती है, वह करके भी दिखाती है।
श्री साव ने प्रदेश महामंत्री ओपी चौधरी, विजय शर्मा और केदार कश्यप सहित भाजपा नेताओं के साथ शुक्रवार को सर्व विभागीय संविदा कर्मचारी महासंघ के बैनरतले तूता में आंदोलित कर्मचारियों से आंदोलन स्थल पर पहुंचकर अपना पूरा समर्थन दिया और उन्हें विश्वास दिलाया कि भाजपा की सरकार बनते ही कर्मचारियों की न्यायसंगत मांगें पूरी की जाएंगी। श्री साव ने कहा, धूप, गर्मी, उमस और बारिश के बावजूद अपने अधिकारों के लिए लड़ रहे कर्मचारियों के हजारों परिवार की चिंता करने के बजाय प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एक खानदान, एक परिवार की सेवा-चाकरी और चिंता कर रहे हैं। श्री साव ने कहा, कांग्रेस ने अपने पिछले चुनावी घोषणापत्र में वादा किया था कि सत्ता में आते ही 10 दिन में संविदा कर्मियों का नियमितीकरण किया जाएगा, लेकिन सरकार वादा पूरा करने में टाल-मटोल करती रही, बहानेबाजी करती रही। प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों के साथ वादाखिलाफी करके हजारों कर्मचारियों को आंदोलन के लिए बाध्य किया है। प्रदेश सरकार ने हर वर्ग के साथ कर्मचारियों को भी बार-बार धोखा दिया है। श्री साव ने कहा, कर्मचारियों के साथ ही पूरे प्रदेश ने अब वादाखिलाफी करने वाली सरकार को सबक सिखाने का निश्चय कर लिया है। श्री साव ने आश्वस्त किया कि लाखों कर्मचारियों का दु:ख-दर्द भाजपा परिवार का दु:ख-दर्द है।
तानाशाह सरकार को उखाड़ फेंकें
श्री साव ने कहा, प्रदेश के मुख्यमंत्री को छत्तीसगढ़ की तीन करोड़ जनता की कोई फिक्र नहीं है। अब इस प्रदेश सरकार का हिसाब नवंबर में चुकता करने का मौका कर्मचारियों को मिल रहा है। ऐसी तानाशाह सरकार को उखाड़ फेंकें और आज से लाखों कर्मचारी अपने भविष्य की चिंता छोड़ दें, उनकी चिंता अब भाजपा करेगी। श्री साव ने कहा, कर्मचारियों के संघर्ष में भाजपा हर कदम पर कर्मचारियों के साथ खड़ी है। इससे पूर्व कर्मचारियों को प्रदेश उपाध्यक्ष, भूपेंद्र सवन्नी, प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप, विजय शर्मा, ओपी चौधरी ने भी संबोधित किया।



