छत्तीसगढ़ विधानसभा की चुनावी जंग, किसानाें काे खुश करने वाली पार्टी काे मिलेगी सत्ता की चाबी

रायपुर(realtimes) विधानसभा चुनाव में भले अभी छह माह का समय बचा है, लेकिन सत्ताधारी कांग्रेस के साथ भाजपा भी चुनावी मैदान पर उतरने की तैयारी में है। जिस तरह से पिछला चुनाव किसानाें काे खुश करके कांग्रेस ने जीता था, उससे तय है कि इस बार भी किसानों काे खुश करने वाली पार्टी काे ही सत्ता की चाबी मिलेगी। यही वजह है कि दोनों राजनीतिक पार्टियों के केंद्रबिंदु में सबसे पहले नंबर पर किसान और धान की कीमत सबसे बड़ा मुद्दा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल इस साल से 28 सौ रुपए में धान खरीदी की घोषणा कर चुके हैं। अब चुनाव में दोनों पार्टियां इससे ज्यादा कीमत पर फोकस करेंगी। इसी के साथ कांग्रेस ने पिछली बार बिजली बिल हॉफ का जो दांव खेला, वह भी हिट रहा है। ऐसे में इस बार कांग्रेस और भाजपा दोनों ने बिजली बिल हॉफ पर भी दांव खेलने का फैसला किया है। साथ ही दोनों पार्टियों के पास अपने-अपने कई मुद्दे हैं। हमने दोनों पार्टियों के नेताओं से बात करके जानने का प्रयास किया है कि किन मुद्दों पर इस बार चुनावी जंग होने वाली है।
विधानसभा चुनाव नवंबर-दिसंबर में होगा। इसको लेकर कांग्रेस और भाजपा जोरदार तैयारी में जुटी है। अभी से दोनों पार्टियों के बीच कई मुद्दों पर लगातार घमासान हो रहा है। इस बार चुनाव में क्या-क्या मुद्दे हो सकते हैं। घोषणापत्र में क्या हो सकता है, इसको लेकर दोनों पार्टियों के नेताओं से चर्चा की गई तो घोषणापत्र को लेकर तो कोई ज्यादा बोलने तैयार नहीं है, लेकिन मुद्दों पर जरूर बात की जा रही है।
भाजपा के पास है धान की कीमत का है तोड़ : नितिन नवीन
भाजपा के प्रदेश सहप्रभारी नितिन नवीन का कहना है, चुनाव में अभी बहुत समय है। हमारे पास किसानों के लिए कांग्रेस की धान की कीमत का तोड़ है। इसी के साथ बिजली बिल हॉफ योजना का भी विकल्प है। अभी से अपने पत्ते खोलने का समय नहीं है। जब वक्त आएगा तो भाजपा बताएगी कि हमारे पास क्या तोड़ है। इसी के साथ श्री नितिन ने कहा, चुनाव में हमारा एक सबसे बड़ा मुद्दा तो भ्रष्टाचार का रहेगा। कांग्रेस सरकार में गांव के छोटे स्तर से लेकर राज्य स्तर तक बड़ा भ्रष्टाचार हो रहा है। सबसे बड़ा घोटाला तो गोबर का है। यह घोटाला तो बिहार के चारा घोटाले से बड़ा है। पीडीएस घोटाला भी है। गौठान बड़ा फ्लॉप शो है। श्री नवीन ने कहा, धर्मांतरण भी एक बड़ा मुद्दा है।
कांग्रेस की वादाखिलाफी भी बड़ा मुद्दा : साव
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव का कहना है, भाजपा अपने घोषणापत्र में हर वर्ग के लिए योजना बनाएगी। हमारे पास मुद्दों की कमी नहीं है। पीएम आवास एक बड़ा मुद्दा है। हमारी सरकार बनने पर 16 लाख काे आवास देंगे, जो वंचित रहे हैं। कानून व्यवस्था के साथ ही कांग्रेस की वादाखिलाफी भी बड़ा मुद्दा है। कांग्रेस ने अपने वादे ही पूरे नहीं किए हैं। पूर्ण शराबबंदी का वादा पूरा नहीं किया, बेरोजगारों को पूरा भत्ता नहीं दिया। किसानों का पूरा कर्ज माफ नहीं किया। नियमितीकरण भी नहीं किया गया है। कांग्रेस ने पिछले चुनाव में 36 वादे किए थे, इनमें से ज्यादातर पूरे नहीं हुए हैं।
हमारा किया विकास भी होगा मुद्दा : चंदेल
नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल का कहना है, कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में कोई भी विकास का काम नहीं किया है। हम लोगों ने हर विधानसभा का दौरा किया है। हर स्थान पर एक ही शिकायत रही है कि उनके यहां विकास का एक भी काम नहीं हुआ है। प्रदेश में आज जो विकास बस्तर से सरगुजा तक नजर आता है, सब भाजपा शासन के 15 साल में हुआ है। जनता के बीच विकास का मुद्दा लेकर जाएंगे।
धान की कीमत और बिजली बिल हॉफ योजनाएं लगातार जारी रहेंगी : सिंहदेव
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा, कांग्रेस सरकार के कामकाज को लेकर चुनाव मैदान में जाएंगे। उन्होंने किसानों के मुद्दों को लेकर कहा, धान खरीदी की कीमत और बिजली बिल हॉफ का मुद्दा पिछली बार घोषणापत्र में रखा गया था। सरकार ने इस पर अमल भी किया है। आने वाले समय में यह लगातार जारी रहेगा। इन मुद्दों को यदि दोबारा घोषणा पत्र में लिखे जाने की जरूरत होगी तो रखे जाएंगे। उन्होंने कहा, सरकार ने अब तक कई कार्य किए हैं। उन्होंने बताया, आने वाले समय में रोजगार, सिंचाई, छोटे उद्योग को बढ़ावा देने कृषि और वनोपज पर भी ध्यान दिया जा रहा है। इन क्षेत्रों के माध्यम से रोजगार के साधन कैसे बढ़े, इस पर भी सरकार का ध्यान है। आने वाले चुनाव को ध्यान में रखते हुए आरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सेवाओं के मामलों पर भी पार्टी ध्यान दे रही है। चुनाव में जाने से पूर्व पिछले घोषणापत्र को रिव्यू कर आगे निर्णय लिए जाएंगे।
सरकार के कामों को लेकर जनता के बीच जाएंगे : मरकाम
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा, सरकार ने चार साल में जो जनहितैषी कार्य किए हैं, उसे लेकर जनता के बीच जाएंगे। सरकार ने चुनाव में की गई कई घोषणाओं को पूरा किया है। सरकार के किसानों, आदिवासी, अनुसूचित जाति और अन्य वर्ग के लोगों पर विशेष ध्यान दे रही है। सरकार ने किसानों को उनकी उपज का पूरा मूल्य दिलाने का प्रयास किया है। आने वाले समय में किसानों को उनकी उपज का पूरा मूल्य मिले, इसके प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने कहा, आम जनता को अभी बिजली बिल पर जो छूट मिल रही है, वह भी सरकार जारी रखेगी। प्रदेश सरकार ने सभी वर्ग के लोगों को ध्यान रखा है। युवाओं, महिलाओं और सभी लोगों के हित में निर्णय लिए जाएंगे।



