शरद पवार ने एनसीपी अध्यक्ष का पद छोड़ने का किया ऐलान - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
Top News

शरद पवार ने एनसीपी अध्यक्ष का पद छोड़ने का किया ऐलान

मुंबई: शरद पवार ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष का पद छोड़ने का ऐलान किया है। मुंबई के वाईबी चव्हाण सेंटर में उनकी किताब के विमोचन का आज कार्यक्रम हो रहा है। शरद पवार ने एनसीपी अध्यक्ष का पद छोड़ने की घोषणा करते हुए कहा कि मैं अध्यक्ष पद से रिटायरमेंट ले रहा हूं। इस बीच शरद पवार की मान-मनौवल की कोशिशें चल रही हैं। जयंत पाटिल ने रोते हुए पवार से फैसला वापस लेने की अपील की है। शरद पवार ने कांग्रेस छोड़कर 1999 में एनसीपी बनाई थी। शरद पवार ने इसके संकेत हाल ही में दे दिए थे, जब उन्होंने कहा था कि रोटी को अगर समय पर न पलटा जाए तो जल जाती है।

चाहता हूं कोई और संभाले जिम्मेदारी: पवार
शरद पवार ने मुंबई में अपनी पुस्तक विमोचन के कार्यक्रम में बड़ी घोषणा करते हुए सभी को एक बार फिर चौंका दिया। शरद पवार ने कहा, ‘मुझे लंबे समय तक पार्टी के नेतृत्व का मौका मिला। मैंने अध्यक्ष पद की कई साल जिम्मेदारी निभाई। मैं चाहता हूं कि कोई और इस जिम्मेदारी को संभाले। अब मैं अध्यक्ष पद से रिटायरमेंट ले रहा हूं।’ शरद पवार ने जैसे ही एनसीपी अध्यक्ष पद से इस्तीफे की घोषणा की, एनसीपी के तमाम बड़े नेता हाथ जोड़ने लगे। इस दौरान समर्थकों ने पवार के समर्थन में जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। हाल ही में एनसीपी यूथ विंग के एक कार्यक्रम में शरद पवार ने इशारा कर दिया था कि अब नेतृत्व परिवर्तन का सही वक्त है।

Related Articles

Back to top button