वीवो इंडिया ने कर से बचने के लिए 62,476 करोड़ विदेश भेजे - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
business

वीवो इंडिया ने कर से बचने के लिए 62,476 करोड़ विदेश भेजे

नयी दिल्ली, 7 जुलाई (एजेंसी)

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बृहस्पतिवार को कहा कि चीनी स्मार्टफोन विनिर्माता वीवो की भारतीय इकाई ने यहां पर कर देनदारी से बचने के लिए अपने कुल कारोबार का लगभग 50 प्रतिशत हिस्सा यानी 62,476 करोड़ रुपये विदेशों में भेज दिए। केंद्रीय जांच एजेंसी ने कहा कि वीवो इंडिया ने भारत में कर देने से बचने के लिए अपने राजस्व का बड़ा हिस्सा चीन एवं कुछ अन्य देशों में भेजा है। विदेशों में भेजी गई राशि 62,476 करोड़ रुपये है।

ईडी ने कहा कि वीवो मोबाइल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड एवं इसकी 23 संबद्ध कंपनियों के खिलाफ बुधवार को चलाए गए तलाशी अभियान के बाद उनके बैंक खातों में जमा 465 करोड़ की राशि जब्त की गई है। इसके अलावा 73 लाख रुपये की नकदी और 2 किलो सोने की छड़ें भी जब्त की गई हैं। प्रवर्तन निदेशालय ने कहा कि वीवो के पूर्व निदेशक बिन लाऊ ने भारत में कई कंपनियां बनाने के बाद वर्ष 2018 में देश छोड़ दिया था। अब इन कंपनियों के वित्तीय ब्योरों पर जांच एजेंसी की नजरें हैं।

प्रवर्तन निदेशालय ने यह आरोप भी लगाया है कि वीवो इंडिया के कर्मचारियों ने उसकी तलाशी अभियान के दौरान सहयोग नहीं किया और भागने एवं डिजिटल उपकरणों को छिपाने की कोशिश भी की। हालांकि एजेंसी की तलाशी टीमें इन डिजिटल सूचनाओं को हासिल करने में सफल रहीं।

Related Articles

Back to top button