वीरेंद्र पांडेय की स्वाभिमान यात्रा में साथ रहेंगे नंदकुमार साय

रायपुर(realtimes) छत्तीसगढ़ वित्त आयोग के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र पांडेय और भाजपा के वरिष्ठ नेता नंदकुमार साय सहित कुछ पुराने नेता छत्तीसगढ़ स्वाभिमान यात्रा निकालेंगे। इस यात्रा का आगाज दीपावली के बाद अमरकंटक से होगा। इस यात्रा में प्रदेश के सभी ब्लाॅक तक जाने की योजना है।
वीरेंद्र पांडेय का कहना है, प्रदेश की दोनों बड़ी राजनीतिक पार्टियों भाजपा और कांग्रेस का वास्तव में जनसरोकार से कोई सरोकार नहीं है। हम जनसरोकार को साथ लेकर चल रहे हैं और इसलिए प्रदेश की जनता के लिए यह यात्रा निकाल रहे हैं।
यात्रा के बारे में श्री पांडेय ने कहा, प्रदेश की भाजपा और कांग्रेस सरकार ने राज्य को कर्ज में डुबोने का काम ही किया है। कांग्रेस सरकार से पहले भाजपा शासनकाल में लगभग 42 हजार करोड़ रुपए कर्ज लिया गया था। अब कांग्रेस की सरकार आई है तो इस सरकार ने कर्ज को बढ़ाकर एक लाख तीन हजार करोड़ रुपए तक पहुंचा दिया है। उन्होंने कहा, कर्ज में डूबा राज्य और कर्ज में डूबी जनता कभी स्वाभिमान से सिर नहीं उठा सकती है।
श्री पांडेय ने कहा, प्रदेश की राजनीति पूरी तरह से उलझ गई है। लोगों के पास विकल्प नहीं है। इसका फायदा कांग्रेस और भाजपा उठाते हैं। भाजपा ने ठीक से काम नहीं किया तो कांग्रेस आ गई, लेकिन इसे भी जनसरोकार से मतलब नहीं है। 25 सौ रुपए में धान खरीदी का वादा किया, लेकिन इससे आगे सरकार नहीं बढ़ रही है। इसी के साथ पूरा धान भी नहीं लिया जा रहा है। उन्होंने कहा, पूर्ववर्ती रमन सिंह की सरकार की वजह से चिटफंड कंपनियां हजारों करोड़ रुपए लेकर भाग गईं। कांग्रेस ने पूरा पैसा लौटाने का वादा किया था, लेकिन वह ऐसा नहीं कर रही है। दैनिक वेतनभोगियों को निश्चित मानदेय भी नहीं दिया जाता। शराबबंदी नहीं हो पा रही है। छत्तीसगढ़ में अंधाधुंध जंगलों की कटाई का दुष्परिणाम यह हो गया है कि आज नक्सलियों से ज्यादा बड़ी समस्या छत्तीसगढ़ के हाथी, तेंदुए, भालू और बंदर हो गए हैं। लोगों को जान बचाना मुश्किल हो रहा है।
नए लड़ाके तैयार करेंगे
श्री पाण्डेय ने कहा, छत्तीसगढ़ की जनता ने कांग्रेस और भाजपा के नेतृत्व में सरकार के कामकाज को देख और परख लिया है। आम जनता खुद को हताश और परेशान महसूस कर रही है। नेता व्यवसायी हो गए हैं। सत्ता के माध्यम से लूट-खसोट करना और किसी भी कीमत पर खुद को बनाए रखना ही आज की राजनीति का अंतिम लक्ष्य है। इन्हीं बातों के मद्देनजर स्वाभिमान यात्रा की शुरुआत की जा रही है। हम समाज के ईमानदार और चरित्रवान लोगों के साथ नए लड़ाके तैयार करेंगे।
राजनीतिक यात्रा नहीं
यात्रा को लेकर भाजपा नेता नंदकुमार साय ने कहा, मैं भाजपा में हूं और इसी पार्टी का हिस्सा रहूंगा, लेकिन भाजपा में रहते हुए मैं किसी तरह की यात्रा नहीं निकाल सकता, ऐसा नहीं है। प्रदेश में स्वाभिमान के लिए यात्रा हो रही है तो मैं इसका हिस्सा हूं। यह यात्रा किसी भी तरह से किसी राजनीतिक दल से जुड़ी नहीं है। यही बात राष्ट्रीय स्वाभिमान पार्टी के अध्यक्ष वीरेंद्र पांडेय ने भी कही कि यह यात्रा राजनीतिक नहीं है। इस यात्रा में हर वर्ग के लोग शामिल रहेंगे।



