राहुल गांधी से प्रदेश भाजपा के 10 सवाल

रायपुर(realtimes) भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के भेंट मुलाकात कार्यक्रम के लिए रायपुर दौरे के मद्देनजर 10 सवाल करके उनके जवाब मांगे हैं। श्री साव ने कांग्रेस द्वारा पिछले विधानसभा चुनाव में किए गए वादों, प्रदेश की कांग्रेस सरकार द्वारा किए जा रहे दावों और जमीनी हकीकत बताते हुए सवाल उठाए हैं।
कहाँ गए बेरोजगार युवाओं के भत्ते के 14,750 करोड़ रुपए?
श्री साव ने कहा, राहुल गांधी की मौजूदगी में घोषणा पत्र समिति के तत्कालीन अध्यक्ष टीएस सिंहदेव ने युवाओं कहा था, प्रतिवर्ष युवाओं को बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा, जिसे स्टाइपेंड कहा जाएगा। इसका सालाना बजट प्रतिवर्ष 3,000 करोड रुपए होगा यानी कि कुल 5 सालों में 15,000 करोड़ रुपए युवाओं को भुगतान किया जाना था लेकिन युवाओं के लिए केवल 250 करोड़ रुपए की राशि आवंटित की गई है यानी कि युवाओं के हक के 14,750 करोड़ रुपए यह सरकार खा गई। 5 लाख युवाओं को नौकरी देने का दावा किया गया। परंतु विधानसभा में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जवाब दिया, सरकार ने 20 हजार नौकरियां ही दी हैं। 200 फूड प्रोसेसिंग यूनिट लगाकर युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन यह वादा भी झूठा साबित हुआ। प्रदेश में प्रतियोगी परीक्षाएं भी विवादों के घेरे में हैं। श्री साव ने कहा, क्या श्री गांधी 18 हजार युवाओं समेत 28 हजार लोगों की आत्महत्या के बारे में मुख्यमंत्री से जवाब तलब करेंगे? प्रदेश के युवा नशे और अवसाद की गिरफ्त में क्यों आए? बेरोजगारी चरम पर, झूठे दावों पर गौर फरमाएंगे राहुल? आरक्षण पर प्रदेश को क्यों भरमा रही है प्रदेश सरकार? राजीव मितान क्लब का असली मकसद क्या है?



