पैदल मार्च करते हुए सभी वर्तमान और पूर्व सांसद, विधायक, पदाधिकारियों के साथ राजभवन जाएगी भाजपा

रायपुर(realtimes) भाजपा ने पहली बार किसी मांग को लेकर राजभवन जाने के लिए शक्ति प्रदर्शन करते का बड़ा फैसला किया है। प्रदेश भाजपा संगठन ने एक बड़े प्रतिनिधिमंडल के साथ राज्यपाल अनुसूईया उइके से निर्भया कांड और आईटी छापे को लेकर 14 जुलाई को मिलने का फैसला किया है। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश संगठन के साथ पदाधिकारियों के साथ वर्तमान और पूर्व सांसद, विधायक भी शामिल रहेंगे। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदेव साय का कहना है, प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो गई है। जिस तरह से आईटी का छापा पड़ा है, उसके बाद नैतिकता के आधार पर मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग भी राज्यपाल के सामने रखी जाएगी।
जांजगीर-चांपा में हुए निर्भया कांड को लेकर भाजपा ने मोर्चा खोला है। इसको लेकर जहां महिला मोर्चा ने जांजगीर चांपा में एक बड़ा आंदोलन किया है, वहीं अब भाजपा की बैठक में इस मामले में राजभवन जाने का फैसला हुआ है। पहली बार किसी मामले में बड़ी संख्या में भाजपा नेताओं को एक साथ राजभवन ले जाने की रणनीति बनाई गई है। इसके बारे में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदेव साय का कहना है, प्रतिनिधिमंडल में सौ से ज्यादा लोग हो जाएंगे। वर्तमान 14 विधायकों के साथ 10 सांसद और इसी के साथ प्रदेश पदाधिकारी और पूर्व विधायक और सांसदों के अलावा महिला मोर्चा और अन्य मोर्चा के भी अध्यक्ष साथ जाएंगे।
इस्तीफे की भी रखेंगे मांग
श्री साय का कहना है, निर्भया कांड के साथ ही आईटी छापे को लेकर राज्यपाल से चर्चा की जाएगी। इसमें उनको आईटी छापे के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। उनको बताया जाएगा कि किस तरह से सरकार से जुड़े लोगों के यहां छापा पड़ा है। ऐसे में मुख्यमंत्री से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा मांगा जाएगा।



