मंत्री भगत ने इंदिरा गांधी और वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व, कृतित्व पर आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया

जनसंपर्क विभाग द्वारा साइंस कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित है एक दिवसीय प्रदर्शनी
रायपुर(realtimes) पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि एवं लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर जनसंपर्क विभाग द्वारा साइंस कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित एक दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का आज संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत ने उद्घाटन किया।

श्री भगत ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी एवं लौह पुरूष सरदार स्व. वल्लभ भाई पटेल के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर प्रदर्शनी की शुरूआत की और स्वयं प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

उन्होंने इस प्रदर्शनी को एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि आयरन लेडी ऑफ इंडिया, देश की पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी और देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के व्यक्तित्व, कृतित्व, और जीवन से जुड़ी विभिन्न उपलब्धियों को समझने के लिए यह प्रदर्शनी बेहद महत्वपूर्ण है।

जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित यह प्रदर्शनी सवेरे साढ़े दस बजे से देर शाम तक लोगों के अवलोकन के लिए यह छायाचित्र प्रदर्शनी खुली रहेगी। लोग इस समयावधि में प्रदर्शनी का अवलोकन कर पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी और देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री लौहपुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल के व्यक्तित्व, कार्यों और योगदान से रू-ब-रू हो सकेंगे।



