प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगने का रास्ता साफ, दस कंपनियां का खुला तकनीकी बीड

रायपुर। प्रदेश में 54 लाख उपभोक्ताओं के मीटर को बदलकर स्मार्ट मीटर लगाने का रास्ता अब साफ हाे गया है। इसके लिए किया गया टेंडर अंतत: तीन बार बढ़ने के अब खुल गया। अभी तकनीकी बीड खोला गया है। इसमें तीन हिस्सों में डिवीजनों को बांटा गया है। इसके लिए कुल दस कंपनियां सामने आईं हैं। रेट का टेंडर इस माह के अंत तक खोलकर ठेका लेने वाली कंपनी फाइनल कर दी जाएगी।
प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगाने के लिए किए गए टेंडर में मात्र एक ही निविदा भरे जाने के कारण टेंडर की तिथि को 31 जनवरी तक बढ़ाई गई थी। तीन हजार करोड़ से ज्यादा की योजना होने के कारण इस योजना को तीन हिस्सों में बांटा गया है ताकि आसानी से काम हो सके। इसके बाद भी इसमें पहले ज्यादा कंपनियों ने रुचि नहीं दिखाई लेकिन कई कंपनियों ने इसकी जानकारी जरूर ली थी, ऐसे में तिथि बढ़ाई गई तो उसका फायदा हुआ और कई कंपनियों ने टेंडर भरा।
टेंडर तीन हिस्सों में
टेंडर को पॉवर कंपनी ने अपने डिवीजनों के हिसाब से तीन हिस्सों में बांटा है। रायपुर और आस-पास के डिवीजनों के लिए हुए टेंडर में पांच कंपनियां आई हैं। इसके बाद बिलासपुर और अंबिकापुर वाले हिस्से के लिए तीन और जगदलपुर और राजनांदगांव के साथ इनसे जुड़े डिवीजनों के लिए दो कंपनियां आई हैं। सभी दस कंपनियों का तकनीकी बीड खोला गया है। अब इसकी जांच पड़ताल होगी।
एक ही कंपनी को मिल सकता है टेंडर
यूं तो अलग-अलग हिस्सों के लिए अलग-अलग टेंडर भरे गए हैं, लेकिन अगर एक ही कंपनी का तीनों हिस्सों के लिए तकनीकी बीट सामने आने के बाद रेट भी सही रहता है तो एक कंपनी को भी पूरा काम मिल सकता है। अगर ऐसा नहीं हुआ तो अलग-अलग हिस्सों का टेंडर ज्यादा कंपनियों को भी मिल सकता है। टेंडर की पूरी प्रक्रिया इस माह के अंत तक पूरी होगी, तभी खुलासा होगा कि किस कंपनी को काम मिल रहा है।



