मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
Top News

पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक में तक ठंड का कहर, कोहरा भी बना मुसीबत

इस समय हिमालयीन इलाकों (Himalayan regions) में हो रही जोरदार बर्फबारी के चलते समूचा उत्तर भारत सहित मध्‍यभारत भी कड़ाके की ठंड (bitter cold) की चपेट में हैं। पहाड़ हों या मैदान, हर जगह लोग ठिठुरते नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग (IMD) ने मैदानी इलाकों के लिए अगले दो दिनों तक शीतलहर (cold wave) की भविष्यवाणी जारी की है। सिलसिलेवार जानते हैं कि किस प्रदेश के लिए कैसा रहेगा मौसम का मिजाज़।

दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 13-14 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 5-6 डिग्री के आसपास बना हुआ है। यह सामान्य से लगभग 2-3 डिग्री कम माना जा रहा है। दिल्ली के आईएमडी वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार का कहना है कि राजधानी में अगले दो दिन तक शीत लहर चलने का अनुमान है, जिसके चलते यहां ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जाहिर है कि दिल्लीवासियों को अगले कुछ दिनों तक यूं ही सर्दी का सितम झेलना पड़ सकता है।

पंजाब -हरियाणा –

शीत लहर के चलते पंजाब और हरियाणा के लोगों की मुश्किलें भी बढ़ने वाली हैं। मौसम विभाग ने अगले 2-3 दिनों तक इन सूबों में भी शीत लहर जारी रहने की संभावना जताई है। कुछ इलाकों में घना कोहरा भी छाया रह सकता है। हालांकि, उसके बाद तापमान में 2 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार सोमवार को पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में छह डिग्री सेल्सियस, पठानकोट में 8.8 डिग्री सेल्सियस, बठिंडा में 3.6 डिग्री सेल्सियस, फरीदकोट में छह डिग्री सेल्सियस और गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस, अंबाला में 7.7 डिग्री सेल्सियस, करनाल में 6.8 डिग्री सेल्सियस, रोहतक में 6.6 डिग्री सेल्सियस, भिवानी में 5.5 डिग्री सेल्सियस और सिरसा में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

जमा राजस्थान का माउंट आबू –

राजस्थान का माउंट आबू सूबे में सबसे ज्यादा ठंडा रहा। बीती रात यहां न्यूनतम तापमान के गिरने के चलते गाड़ियों के शीशे और मैदानों में बर्फ की परत जम गई। इसकी कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही हैं। तस्वीरों में कारों के शीशों और छत के अलावा मैदानों में भी बर्फ की परत जमी दिख रही है। मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान में अगले कुछ दिनों में गंभीर शीतलहर की स्थिति बने रहने की संभावना है। गौरतलब है कि माउंट आबू राजस्थान फेमस हिल स्टेशन है, जो समुद्र तल से 1722 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है।

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बढ़ी गलन –

उच्च पर्वतीय इलाकों पर जारी बर्फबारी और बारिश ने यहां के लोगों की मुश्किलों में इजाफा कर दिया है। यहां ठंड के साथ-साथ गलन भी बढ़ने लगी है। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ज्यादातर इलाकों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। विभाग का मानना है कि अगले 4-5 दिनों में पहाड़ों में पारा और भी नीचे जा सकता है।

जम्मू कश्मीर –

सोमवार को बादल छाए रहने और ऊपरी इलाकों में बर्फबारी की संभावना के बीच कश्मीर घाटी में सोमवार को न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। इसी बीच जम्मू कश्मीर में धुंध व कोहरे के कहर के बीच जम्मू संभाग के ज्यादातर इलाके प्रभावित हैं। सुबह और रात के समय लोगों खासकर वाहन चालकों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आज से रुक-रुक कर हल्की बारिश और बर्फबारी की उम्मीद है।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि 26 से 30 दिसंबर तक आम तौर पर बादल छाए रहने की उम्मीद है। 29 और 30 दिसंबर के दौरान उत्तर, उत्तर-पश्चिमी और मध्य कश्मीर के ऊंचे इलाकों में छिटपुट स्थानों पर रुक-रुक कर हल्की बर्फबारी की उम्मीद है। इसी बीच श्रीनगर में तापमान शून्य से नीचे 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Related Articles

Back to top button