आज की सबसे बड़ी खबर: भाजपा की बड़ी रणनीति, राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार मुर्मू सीएम भूपेश से मांगेंगी समर्थन

रायपुर(realtimes) एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रोपती मुर्मू के लिए भाजपा ने छत्तीसगढ़ में बड़ी रणनीति तैयार की है। उनका 15 जुलाई को रायपुर आगमन हो रहा है। ऐसे में भाजपा ने तय किया है कि सत्ताधारी कांग्रेस से भी समर्थन मांगा जाएगा। इसके लिए सीधे ताैर पर नेता प्रतिपक्ष धरमलाल काैशिक के माध्यम से उनकी बात प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से करवाई जाएगी। इधर प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदेव साय जहां कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष माेहन मरकाम से बात करेंगे, वहीं जोगी कांग्रेस और बसपा से बात करने का जिम्मा पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को दिया गया है।
राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए एनडीए ने आदिवासी महिला द्रोपती मुर्मू को उम्मीदवार बनाया है। उनका यहां पर 15 जुलाई की सुबह 9.30 बजे आना होगा। वह होटल बेबीलोन में भाजपा के विधायक और सांसदों के साथ बैठक करेंगी। लेकिन सबसे अहम यह है कि वह कांग्रेस के विधायक और सांसदों से भी समर्थन मांगेंगी। इसके लिए भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने अलग तरह की रणनीति बनाई है। जिस पर काम करने के लिए यहां के नेताओं को जिम्मा दिया गया है।
भूपेश से बात करवाएंगे धरम
नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक सबसे पहले कांग्रेस विधायक दल के नेता और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से खुद बात करेंगे, वहीं श्रीमती मुर्मू से भी मुख्यमंत्री की बात करवाएंगे। इधर विष्णुदेव साय कांग्रेस के विधायकों से समर्थन मांगने के लिए कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष और विधायक मोहन मरकाम से बात करेंगे।
जोगी कांग्रेस और बसपा के विधायक भी रहेंगे बैठक में
जोगी कांग्रेस और बसपा के विधायकों से बात करने का जिम्मा डॉ. रमन सिंह को दिया गया है। श्रीमती मुर्मू के आने से पहले जहां डॉ. रमन इन दलों के नेताओं से बात करेंगे, वहीं जानकारों का यह भी कहना है कि भाजपा के विधायकों और सांसदों की जब होटल बेबीलोन में बैठक होगी तो इसमें जोगी कांग्रेस और बसपा के विधायक भी शामिल होंगे। श्रीमती मुर्मू विधायकों और सांसदों के साथ बैठक करने के बाद सभी मतदाताओं के साथ दोपहर का भोजन होटल बेबीलोन में करेंगी और इसके बाद वह वापस लौट जाएंगी।



