जीरे में ऐतिहासिक महंगाई, पहली बार थोक में पांच सौ और चिल्हर में छह सौ रुपए किलो - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
business

जीरे में ऐतिहासिक महंगाई, पहली बार थोक में पांच सौ और चिल्हर में छह सौ रुपए किलो

रायपुर(realtimes) अपने देश में महंगाई लगातार नया-नया इतिहास लिख रही है। लंबे समय से  किचन के सामानों में लगातार आग रही है। इतिहास में पहली बार जीरा थोक में पांच सौ रुपए और चिल्हर में छह सौ रुपए हो गया है। एक माह में कीमत दो सौ रुपए तक बढ़ गई है। फसल खराब होने की आशंका के कारण स्टॉक वाला जीरा लगातार महंगा किया जा रहा है। आने वाले समय में कीमत में और इजाफा होगा। इसी के साथ मगज बीज की कीमत तीन सौ से सीधे सात सौ रुपए हो गई है।
घरेलू सामानों की कीमत में लगातार इजाफा होने के कारण आम आदमी का बजट गड़बड़ा रहा है। हर सामान की कीमत आसमान छू रही है। चावल, आटा, दालों से लेकर मसालों पर महंगाई की मार पड़ रही है। ऐसा कोई सामान नहीं है जिसकी कीमत में इजाफा नहीं हो रहा है।
दो सौ के अंदर रहता है जीरा
कारोबारियों का कहना है जीरा कभी भी पहले दो सौ रुपए से पार नहीं गया है। आमतौर पर थोक में यह 140 से 150 रुपए और चिल्हर में दो सौ रुपए किलो रहा है। आम आदमी को जीरा 40 से 50 रुपए में एक पाव मिलता रहा है। पहली बार इसकी कीमत इस साल तीन सौ रुपए के पार गई। इसके बाद से कीमत में लगातार इजाफा हो रहा है।
15 दिनों में दो सौ का इजाफा
15 दिनों पहले ही पिछले माह जीरा थोक में जहां तीन सौ रुपए किलो था, वहीं चिल्हर में यह चार सौ रुपए किलो बिक रहा था। चिल्हर में हमेशा कीमत ज्यादा रहती है। जिन दुकानों से लोग हमेशा सामान लेते हैं वो अपने नियमित ग्राहकों काे तो 80 से 90 रुपए पाव तक जीरा दे रहे थे, लेकिन कभी-कभी लेने वालों को सौ रुपए पाव में बेच रहे थे। अब जीरा थोक में पांच सौ रुपए किलो हो गया है तो चिल्हर में यह 150 रुपए पाव बिक रहा है। यानी एक किलो की कीमत छह सौ रुपए हो गई है।
फसल पर मौसम की मार
मसाले के कारोबार से जुड़े कारोबारियों का कहना है जीरा देश भर में गुजरात और राजस्थान से आता है। इसके लिए विशेष प्रकार के मौसम में उत्पादन होता है। इस बार मौसम की मार फसल पर पड़ी है। ऐसे में आशंका है कि नई फसल ज्यादा नहीं होगी। यही कारण है कि जिन कारोबारियों के पास स्टॉक है वो मनमानी कीमत पर जीरा बेच रहे हैं।
मगज बीज की कीमत डबल से ज्यादा
मगज बीज भी किचन के काम में आने वाला है। इसका किचन में कई तरह का उपयोग होता है। सब्जी का रस अच्छा बनाने के लिए कई घरों में महिलाएं इसका उपयोग करती हैं। इसकी कीमत तीन सौ से सीधे सात सौ रुपए हो गई है। इसके पीछे भी मौसम की मार काे कारण बताया जा रहा है। मगज बीज को खाने में भी उपयोग किया जाता है। इसके कई फायदे हैं। इसको लोग अपनी डाइट में भी शामिल करते हैं।

Related Articles

Back to top button