चीन में पूर्व बैंकर को सुनाई मौत की सजा,रिश्वत लेने के मामले में कोर्ट का फैसला

बीजिंग, चीन की एक अदालत ने 15.1 करोड़ डॉलर की घूस लेने के जुर्म में एक पूर्व बैंकर को मौत की सजा सुनाई है,चीन की सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ ने बुधवार को बताया कि चाइना हुआरोंग इंटरनेशनल होल्डिंग्स (सीएचआईएच) के पूर्व महाप्रबंधक बाई तिआनहुई को मंगलवार को तिआनजिन की एक अदालत ने मौत की सजा सुनाई.
सारी संपत्ति भी की जब्त
तिआनजिन की एक अदालत द्वारा सुनाए फैसले के अनुसार, उसके आजीवन राजनीतिक अधिकार भी छीन लिए गए और उसकी सारी संपत्ति जब्त कर ली गई है.उसकी अवैध आय को बरामद किया जाएगा और उसे सरकारी खजाने में जमा कराया जाएगा.
अदालत ने फैसले में क्या कहा ?
अदालत ने कहा कि बाई ने भारी रकम के बदले में अधिग्रहण और परियोजनाओं के वित्त पोषण में दूसरों की मदद करने के लिए अपने पद का दुरुपयोग किया.उसने कहा कि बाई के कृत्य रिश्वत का अपराध हैं.रिश्वत के तौर पर ली गई रकम बड़ी है,अपराध की परिस्थितियां गंभीर है और इसका सामाजिक असर बहुत खराब है जिससे देश और लोगों के हितों को काफी नुकसान पहुंचा है.
राष्ट्रपति शी जिनपिंग के 2012 में सत्ता संभालने के बाद से भ्रष्टाचार रोधी अभियान के तहत कई चीनी अधिकारियों को सजा सुनाई गई है लेकिन मौत की सजा विरले ही दी गई है क्योंकि उनमें से ज्यादातर ने अपना अपराध कबूल कर लिया और इसके बदले में उन्हें मृत्युदंड के बजाय जेल की लंबी सजा सुनाई गई.
भ्रष्टाचार के लिए मौत की सजा पाने वाला दूसरा शख्स
बाई भ्रष्टाचार के लिए मौत की सजा पाने वाला चीन का दूसरा अधिकारी है.जनवरी 2021 में भी इसी अदालत ने सीएचएएम के पूर्व चेयरमैन लाई शियोमिन को मौत की सजा सुनाई थी.



