मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

छत्तीसगढ़ के भाजपा प्रत्याशियों की एक और सूची भी आएगी जल्द

रायपुर(realtimes) भाजपा का राष्ट्रीय संगठन छत्तीसगढ़ के विधानसभा के प्रत्याशियों की एक और सूची काे जारी करने में लगा हुआ है। भाजपा ने चुनाव के लिए आचार संहिता लगने के तीन माह पहले ही 21 विधानसभाओं के प्रत्याशी घोषित करके सबको चौंका दिया है। इन 21 सीटों में से 19 सीटें ऐसी हैं जहां पर भाजपा दो बार या इससे ज्यादा बार नहीं जीत सकी है। इसी के साथ मरवाही और खरसिया की सीट ऐसी है, जहां पर भाजपा को कभी जीत नहीं मिली है। इसी के साथ सीतापुर, कोंटा, कोटा और पाली तानाखार की सीटें भी ऐसी हैं, जहां पर भाजपा का जीत का खाता नहीं खुला है। इन चार सीटों के साथ कुछ और सीटों पर भी भाजपा के प्रत्याशियों का ऐलान इसी माह करने की तैयारी है।
छत्तीसगढ़ में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा का राष्ट्रीय संगठन बहुत गंभीर है। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन के साथ ही केंद्रीय मंत्री अमित शाह का भी छत्तीसगढ़ पर फोकस है। श्री शाह ने तो यहां की चुनावी कमान अपने हाथ में ले ली है। ऐसे में उनकी चौंकाने वाली रणनीति के परिणाम भी सामने आ रहे हैं। पहला चौंकाने वाला परिणाम 21 सीटों पर अभी से प्रत्याशियों का ऐलान है।
कराए गए चार सर्वे
भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने छत्तीसगढ़ की एक-एक विधानसभा की पूरी जानकारी जुटाने का काम किया है। इसके लिए जहां राष्ट्रीय संगठन ने अपने स्तर पर दो सर्वे करवाएं, वहीं अमित शाह की टीम ने अलग से सर्वे किया। इसी के साथ आईबी की टीम ने भी एक सर्वे किया। इसके अलावा प्रदेश संगठन का भी एक सर्वे हुआ है। सारे सर्वे के आधार पर ही अब फैसले हो रहे हैं।
अब नजरें इन सीटों पर
भाजपा ने सर्वे करके यह जानने का प्रयास किया है कि किस विधानसभा में क्या स्थिति है। इसके बाद सभी विधानसभाओं को चार वर्गों में बांटा गया है। इसमें डी वर्ग में उन विधानसभाओं काे रखा गया है जहां पर पार्टी को छत्तीसगढ़ बनने के बाद से अब तक जीत नहीं मिली है। ऐसी सीटों में आधा दर्जन सीटें शामिल हैं। इनमें से दो सीटें मरवाही और खरसिया के लिए तो प्रत्याशियों का ऐलान हाे चुका है, अब बची चार सीटों के साथ ही कुछ ऐसी सीटों पर भी प्रत्याशियों का ऐलान करने की तैयारी है, जहां पर कांग्रेस के विधायक हैं और यहां पर भाजपा के प्रत्याशी पिछली बूार कम मतों से हारे थे।

Related Articles

Back to top button