छत्तीसगढ़ के भाजपा नेता आज शाम जाएंगे दिल्ली, कल हाेगी राष्ट्रीय कार्यसमिति

रायपुर. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह सहित भाजपा ने कई नेता आज शाम काे दिल्ली जाएंगे। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति दिल्ली में कल से प्रारंभ हाेगी। कार्यसमिति में छत्तीसगढ़ सहित जिन भी राज्यों में इस साल विधानसभा के चुनाव होने हैं, उसको लेकर मिशन 2023 पर मंथन होगा और रणनीति बनाई जाएगी। इसी के साथ अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव पर भी चर्चा होगी।
भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने लोकसभा चुनाव को लेकर अभी से तैयारी प्रारंभ कर दी है। भाजपा ने तो ऐसी 144 सीटों की सूची भी तैयार की है, जहां पर भाजपा के सांसद नहीं हैं। अब ऐसी सीटों पर केंद्रीय मंत्री लगातार दौरा भी कर रहे हैं। प्रदेश के कोरबा में भी भाजपा को पिछले चुनाव में हार मिली थी। इस सीट पर फोकस करते हुए यहां का केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का दौरा हुआ है। अब बस्तर की सीट को लेकर केंद्रीय ग्रामीण विकास पंचायत मंत्री गिरिराज सिंह का दौरा होने वाला है।
बनेगी चुनावी रणनीति
कार्यसमिति के पहले दिन राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में बैठक के एजेंडे तय होंगे। इसमें राजनीतिक प्रस्ताव भी रखा जाएगा। दूसरे दिन कार्यसमिति में छत्तीसगढ़, एमपी, राजस्थान, कर्नाटक सहित जिन राज्यों में विधानसभा के चुनाव होंगे, उन राज्यों को लेकर मंथन होगा। कुछ राज्यों के अध्यक्ष भी बदले जाने की चर्चा है। इस पर भी मंथन के बाद ऐलान होगा। चुनाव वाले राज्यों के प्रदेशाध्यक्ष जानकारी प्रस्तुत करेंगे। छत्तीसगढ़ की जानकारी का ब्योरा प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव प्रस्तुत करेंगे। इसी के साथ बैठक में लोकसभा चुनाव को लेकर भी रणनीति बनाकर अभी से सभी राज्यों में काम होगा।
ये नेता जाएंगे
छत्तीसगढ़ से जो नेता कार्यसमिति में शामिल होने जाएंगे, उनमें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव, संगठन महामंत्री पवन साय, नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल, कार्यसमिति सदस्य अजय चंद्राकर, विष्णुदेव साय और लता उसेंडी शामिल हैं। इसी के साथ राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री और प्रदेश के संगठन प्रभारी शिव प्रकाश, छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सहप्रभारी नितिन नवीन और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल भी बैठक में शामिल होंगे।



