गृह मंत्री का निवास घेरने निकली महिला मोर्चा की पुलिस के साथ झूमाझटकी

रायपुर(realtimes) शालिनी राजपूत बोली- प्रदेश सरकार एक बच्ची की सुरक्षा नहीं कर पा रही है और अपराधियों को संरक्षण दे रही है : शालिनी राजपूत भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत के नेतृत्व में प्रदेश के गृह मंत्री के निवास का घेराव कर जंगी प्रदर्शन किया और सुकमा जिले के पोटा केबिन बालिका छात्रावास में एक 5 वर्षीय बच्ची के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म का कड़ा विरोध किया। प्रदर्शनकारी महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने बैरीकेड्स लगा रखे थे, इसको पार करने के प्रयास में महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ जमकर झूमाझटकी हुई।
महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने कहा, प्रदेश में बढ़ते अपराध का सबसे बड़ा कारण कांग्रेस है। आज प्रदेश में छोटी छोटी बच्चियां भी सुरक्षित नहीं है। लगातार प्रदेश में दुष्कर्म की घटनाएं घटित हो रही हैं, इस पर न तो प्रदेश सरकार और न ही उसके मंत्रिमंडल के किसी भी मंत्री की नजर हैं। महिला श्रीमती राजपूत ने बताया, जब भाजपा का जांच दल सुकमा के एर्राबोर स्थित बालिका छात्रावास पहुंचा तो पुलिस प्रशासन द्वारा जांच दल को बालिका छात्रावास में अंदर जाने से रोक दिया गया। बाद में जब ग्रामीण आक्रोशित हुए तो कुछ लोगों को ही अंदर जाने के लिए कहा गया। भाजपा जांच दल जब अंदर पहुंचा तो देखा कि बालिका छात्रावास में ना तो सीसीटीवी कैमरा लगे हुए हैं और ना ही वहां पर बालिकाओं के रहने के लिए उचित व्यवस्था है। 450 की क्षमता वाले उस बालिका छात्रावास में एक कमरे में 40 से 50 बच्चियां रह रही हैं। घटना के बाद बच्चियां इतनी डरी हुई थीं कि वह किसी को कुछ कह नहीं पा रही थीं। मोर्चा प्रभारी सरला कोसरिया ने कहा, सुकमा जिले के एर्राबोर स्थित बालिका छात्रावास में 5 वर्षीय बच्ची के साथ सामूहिक दुराचार की घटना बताती है कि प्रदेश में महिलाओं को सुरक्षा देने के बजाय अपराधियों को संरक्षण देने का काम प्रदेश की कांग्रेस सरकार कर रही है। रायपुर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष मीनल चौबे ने कहा, प्रदेश की कांग्रेस सरकार देश की सबसे भ्रष्ट सरकार है।
ये रही उपस्थित
भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आयोजित घेराव आंदोलन में श्रीमती चन्नी वर्मा, माया बेलचंदन, मिनी पांडे, डॉ. किरण बघेल, कृतिका जैन, शैलेंद्री परगनिया. प्रीति धनिया, हरशीला आशा दुबे, सीमा साहू, सरोज चंद्रवंशी, सुधा साहू, दिव्या कलहारी, स्वीटी कौशिक, सरिता जैन, विजयलक्ष्मी सहित महिला मोर्चा की पदाधिकारी व कार्यकर्ता काफी संख्या में मौजूद रहीं।



