जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी, लेकिन इन शहरों में तापमान 40° पार, बंगाल में … - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
Top News

जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी, लेकिन इन शहरों में तापमान 40° पार, बंगाल में …

नई दिल्ली : देश में 29 मार्च से वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने से मौसम का मिजाज बदलने लगा है। जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी हो रही है। शुक्रवार (29 मार्च) को राज्य के सोनमर्ग के हंग इलाके में एवलांच हुआ। इससे दो कारें बर्फ में फंस गई। कार में फंसे लोगों का रेस्क्यू किया गया। हालांकि, एवलांच से श्रीनगर-लेह हाईवे बंद हो गया है। भारतीय मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में 30 मार्च को भी भारी बारिश और बर्फबारी की आशंका जताई है। 19 राज्यों में बूंदाबांदी की संभावना है। उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट है। यहां आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है।
बंगाल में हो सकती है छिटपुट बारिश
असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश का अलर्ट है। राजस्थान, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, बंगाल, ओडिशा और सिक्किम में बादल छाए रहेंगे। इन राज्यों में गरज के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है।
इन शहरों में सबसे ज्यादा तापमान
कुछ राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है। सबसे ज्यादा गर्मी मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश के 5 शहरों में हैं। महाराष्ट्र के अकोला में 29 मार्च को 42.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। यह पूरे देश में सबसे ज्यादा है। इसके बाद मध्य प्रदेश का दमोह और गुना दूसरे और तीसरे नंबर पर रहे। तापमान के मामले में आंध्र प्रदेश का नांद्याल चौथे और महाराष्ट्र का परभणी पांचवें नंबर पर रहा। इन सभी शहरों में पारा 40 डिग्री के ऊपर दर्ज किया गया।
यहां हीटवेव जारी
IMD ने 30 मार्च को मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में 1 अप्रैल से गर्मी और उमस से राहत मिलने की संभावना है। IMD के वैज्ञानिक नरेश कुमार ने शुक्रवार (29 मार्च) बताया कि अप्रैल-मई में तापमान सामान्य से ऊपर रहेगा। इस दौरान हीटवेव चलने की आशंका है। अप्रैल में देश के मध्य भाग में हीटवेव की स्थिति रहेगी। मई सीजन का सबसे गर्म महीना होगा। इस दौरान देश के उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में भीषण गर्मी पड़ सकती है।

 

Visited 19 times, 19 visit(s) today

Post Views: 76

Related Articles

Back to top button