कांग्रेसी विधायकों के खिलाफ भाजपा ने खोला हर विधानसभा में मोर्चा - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

कांग्रेसी विधायकों के खिलाफ भाजपा ने खोला हर विधानसभा में मोर्चा

रायपुर(realtimes) चुनावी साल में भाजपा ने छत्तीसगढ़ के कांग्रेसी विधायकों के खिलाफ मोर्चा खाेल दिया है। प्रदेश भाजपा संगठन ने राष्ट्रीय नेताओं के निर्देश पर प्रदेश की सभी विधानसभाओं में कांग्रेस के विधायकाें के साथ ही प्रदेश सरकार के खिलाफ आंदोलन किया जा रहा है। हर विधानसभा में स्थानीय मुद्दों को लेकर कलेक्टर दफ्तरों का घेराव किया जा रहा है। इसके माध्यम से भाजपा बड़ा शक्ति प्रदर्शन कर रही है। राजधानी की चार विधानसभाओं में से दो रायपुर ग्रामीण और रायपुर उत्तर का आंदोलन हो चुका है। रायपुर दक्षिण का आंदोलन जहां 22 जुलाई काे होगा, वहीं रायपुर पश्चिम का आंदोलन 25 जुलाई को तय किया है।
चुनावी साल में भाजपा ने लगातार आंदोलन करने की रणनीति बनाई है। इसके लिए भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने हर विधानसभा में स्थानीय मुद्दों को लेकर आंदोलन की रूपरेखा तैयार करवाई है। इसको लेकर आंदोलन चल रहे हैं। हर विधानसभा में वहां के नेता अपने-अपने हिसाब से तारीख तय करके कलेक्टर दफ्तर का घेराव करके मुद्दों को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंप रहे हैं। इसमें सबसे अहम यह है कि जहां भी कांग्रेस के विधायक हैं, उनको निशाने पर रखकर उनको घेरा जा रहा है और उन पर आरोपों की बारिश की जा रही है।
रायपुर में दो आंदोलन बाकी
राजधानी रायपुर में चार विधानसभाओं में से सबसे पहले रायपुर ग्रामीण का आंदोलन किया गया और यहां के कांग्रेस विधायक सत्यनारायण शर्मा को घेरा गया। उनके खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया गया। इसके बाद रायपुर उत्तर के विधायक कुलदीप जुनेजा के खिलाफ आंदोलन किया गया। अब रायपुर दक्षिण का आंदोलन 22 जुलाई काे होगा, यहां पर भाजपा के विधायक बृजमोहन अग्रवाल है, इस आंदोलन में स्थानीय मुद्दों के साथ ही प्रदेश सरकार को घेरा जाएगा। इसके बाद 25 जुलाई को रायपुर पश्चिम के आंदोलन में प्रदेश सरकार के साथ विधायक विकास उपाध्याय को घेरा जाएगा। इस आंदोलन के बारे में पूर्व मंत्री राजेश मूणत का कहना है, पूरे शहर को ही गड्ढा बना दिया गया है। आत्मानंद स्कूल के बच्चों को ड्रेस नहीं मिल रही है। पाइप लाइन खोदकर रख दी है, काम नहीं हो रहा है। खुले आम कोचिए शराब की अवैध बिक्री कर रहे हैं। कई स्थानीय मुद्दों को लेकर हमारा आंदोलन होगा।

Related Articles

Back to top button