कल से छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की 6 दिवसीय न्याय यात्रा

महिला अत्याचार और बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ प्रदर्शन
रायपुर. छत्तीसगढ़ में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की अगुवाई में आज से 6 दिवसीय न्याय यात्रा की शुरुआत हो रही है। यह यात्रा परम पूज्य बाबा गुरु घासीदास की तपोभूमि गिरौदपुरी से शुरू होकर राजधानी रायपुर के गांधी मैदान तक पहुंचेगी। कुल 130 किलोमीटर की यह पदयात्रा 2 अक्टूबर, महात्मा गांधी की जयंती के दिन समाप्त होगी, जहां गांधी मैदान में एक विशाल आम सभा का आयोजन किया जाएगा।
इस यात्रा का उद्देश्य प्रदेश में बढ़ते अपराध, बिगड़ती कानून व्यवस्था, और महिलाओं के खिलाफ हो रहे अत्याचारों के प्रति विरोध जताना है। दीपक बैज ने यात्रा की शुरुआत से पहले कहा कि प्रदेश में आए दिन हो रही हत्या, लूट, डकैती और चाकूबाजी जैसी घटनाओं से आम जनता में भय का माहौल है। इसके अलावा, महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों के विरोध में भी यह यात्रा की जा रही है।
यात्रा के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सामाजिक संगठन भी शामिल होंगे। दीपक बैज ने कहा कि बलौदाबाजार के गिरौदपुरी धाम में जैतखाम के साथ हुई तोड़फोड़ और निर्दोषों की गिरफ्तारी का विरोध भी इस यात्रा का हिस्सा है। इसके साथ ही, कवर्धा के लोहारीडीह में साहू समाज के तीन बेटों की हत्या और प्रशांत साहू की मौत के मामले में न्यायिक जांच की मांग भी की जाएगी।
दीपक बैज ने बताया कि बाबा गुरु घासीदास ने समानता और एकता का संदेश दिया था, और इस यात्रा का उद्देश्य समाज में भाईचारा और शांति का संदेश फैलाना है। कांग्रेस का मानना है कि छत्तीसगढ़ में एक अपराधमुक्त और सुरक्षित वातावरण की जरूरत है, और यह यात्रा इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।



