ओडिसा में ट्रेन हादसा, 50 लोगों की मौत

नई दिल्ली। बालासोर जिले में बहानागा रेलवे स्टेशन के पास कोरोमंडल एक्सप्रेस ट्रेन पटरी से उतरने के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गई. इस हादसे में 50 से अधिक लोगों की मौत की खबर है तो वहीं 200 से ज्यादा यात्री जख्मी हो गए हैं. ओडिशा के चीफ सेक्रेटरी ने बताया कि 132 घायल यात्रियों को सोरो और गोपालपुर सीएचसी में शिफ्ट किया गया है. गंभीर रूप से घायल यात्रियों को अच्छी देखभाल के लिए रेफर किया जाएगा. उन्होंने आगे कहा कि घायलों की संख्या ज्यादा होने के कारण एंबुलेंस के साथ बसों को भी बुलाया गया है.
बचाव अभियान के लिए टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं. एसडीआरएफ की टीमें भी मौके पर मौजूद है. अधिकारियों के मुताबिक, कोरोमंडल एक्सप्रेस के चार डिब्बे पटरी से उतरे हैं. उन्होंने कहा कि हादसा शाम करीब 7.20 बजे बहानागा बाजार स्टेशन के पास हुआ.
रेलवे ने जारी किया इमरजेंसी नंबर
भारतीय रेलवे ने फंसे यात्रियों के परिजनों को के लिए और मदद के लिए नंबर जारी किया है. किसी भी यात्रा को अपने परिवार के सदस्य को लेकर जानकारी चाहिए है तो वह +91 6782 262 286, 8972073925, 9332392339, 8249591559, 7978418322 और 9903370746 पर संपर्क कर सकते हैं.



