
रायपुर(realtimes) दो हजार के नोट आज से देश के साथ छत्तीसगढ़ के भी बैंकों में बदले जाएंगे, हालांकि इसको लेकर काेई विशेष व्यवस्था नहीं की गई है। जहां तक बाजार का सवाल है यहां पर मनमर्जी चल रही है। पेट्रोल पंप से लेकर हर वर्ग के कारोबारी यूं तो नोट ले रहे हैं, लेकिन परेशानी इस बात को लेकर आ रही है कि हर दूसरा आदमी दो हजार का नोट लेकर आ रहा और सौ पचास का पेट्रोल या दुकानों में सामान ले रहा है तो कैश को लेकर परेशानी हो रही है। कारोबारियों का कहना है इतना ज्यादा कैश हम कहां से लाएं। चिल्लर कैश की वजह से ही जहाँ दुकानदार नोट नहीं ले रहे हैं, वहीं छोटे दुकानदार नोट लेने से साफ मना भी कर रहे हैं। राजधानी रायपुर के साथ ही प्रदेश के बाजार में कैश की किल्लत होने लगी है।दो हजार के नोट के बंद होने की खबर के साथ ही जिनके पास दो हजार के नोट हैं, सबने अपने नोट निकालने प्रारंभ कर दिए हैं। नोट को बदलने के लिए चार माह का समय है, इसके बाद भी लोगों को इतनी ज्यादा जल्दबाजी है कि हर कोई चाहता है उनके पास जितने भी दो हजार के नोट हैं, सबको जल्द से जल्द बाजार से ही बदल दिया जाए।
सौ-पचास की खरीदी में दे रहे दो हजार
लोगों अपने दो हजार के नोट बदलने के लिए बाजार में जहां भी खरीदी करने जा रहे हैं, ज्यादातर लोग सौ या पचास रुपए का ही सामान ले रहे हैं। पेट्रोल पंपों पर भी ज्यादातर लोग पचास या सौ रुपए का ही पेट्रोल डलवाने के बाद दो हजार के नोट दे रहे हैं। पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है हर दूसरा आदमी अगर दो हजार का नोट देकर सौ या पचास रुपए का नोट देगा तो इतनी ज्यादा मात्रा में हम कैस कहां से लाएंगे। यही वजह है कि जिनके पास कैश नहीं हैं, वो नोट लेने से मना कर रहे हैं। कुछ पेट्रोल पंपों पर सीधे यह भी कहा जा रहा है चार से पांच सौ रुपए का पेट्रोल डलवाने पर ही दो हजार का नोट लेंगे। इसी तरह की बातें बाजार में भी दुकानदार कर रहे हैं।
उनकी बला हम क्यें ले सिर पर
वार्ड और मोहल्ले के ज्यादातर दुकानदार और सब्जी दुकानदार भी में दो हजार का नोट लेने से परहेज कर रहे हैं। दुकानदारों का कहना है, हर कोई अपनी बला को हमारे सिर पर थोपने का काम करना चाहता है। एक किराना दुकानदार ने कहा, भाई हम दो चार नोटों के लिए काम छोड़कर बैंक में लाइन लगाने का काम क्यों करें। जिनके पास नोट हैं वो खुद जाकर बैंक में बदल लें। लोगों को इतनी जल्दी किस बात की है, अभी तो काफी समय है।
बैंकों में आज से बदले जाएंगे
आरबीआई के निर्देश के मुताबिक प्रदेश के बैंकों में आज से दाे हजार के नोट बदले जाएंगे। एक व्यक्ति से एक बार में दस नोट लिए जाएंगे। इसके लिए किसी भी तरह की आईडी की जरूरत नहीं होगी। जिन बैंकों के पास पर्याप्त स्टाफ है, वहां पर अलग काउंटर की व्यवस्था संभव होगी, लेकिन जहां पर स्टाफ की कमी है, वहीं पर अलग से काउंटर की व्यवस्था संभव नहीं होगी।



