नड्डा अब सीधे बिलासपुर पहुंचेंगे, शाम 4 बजे हाेगी रेलवे फुटबॉल मैदान में आम सभा

रायपुर(realtimes) भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यक्रम बदल गया है, पहले वे आज रायपुर आकर यहां पर प्रदेश के नेताओं से मुलाकात करने के बाद बिलासपुर जाने वाले थे, लेकिन अब वे इंदौर से सीधे बिलासपुर पहुंचेंगे। बिलासपुर में शाम काे चार बजे रेलवे के फुटबॉल मैदान उनकी आम सभा हाेगी। स्री नड्डा की सभा में शामिल हाेने के लिए प्रदेश के सभी दिग्गज नेता बिलासपुर पहुंच गए हैं। इसी के साथ कल केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की कांकेर में आम सभा होगी। दाेनाें सभाओं में प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव और प्रदेश के कई नेता शामिल होंगे।
केंद्र सरकार के 9 साल पूरे होने के मौके को लेकर भाजपा ने एक माह का जो कार्यक्रम राज्य में बनाया है, उस कार्यक्रम में ही भाजपा ने चुनावी बिगुल फूंकने की रणनीति को भी शामिल किया। इसी रणनीति के तहत सबसे पहले दुर्ग में केंद्रीय मंत्री अमित शाह की सभा कराई गई। इस सभा में भारी संख्या में भीड़ जुटाकर शक्ति प्रदर्शन किया गया और चुनावी सभाओं का आगाज करके चुनावी बिगुल फूंक दिया गया है।
सभा में जुटाएंगे भारी भीड़
अमित शाह की सभा में जिस तरह की भीड़ जुटाई गई, ठीक उसी तरह से ही अब राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की सभा में भी भीड़ जुटाई जाएगी। श्री नड्डा की सभा रेलवे मैदान बिलासपुर में होगी। सभा में भीड़ जुटाने का जिम्मा बिलासपुर संभाग के साथ सरगुजा संभाग के जिलों को दिया गया है। श्री नड्डा का सभा में बिलासपुर और सरगुजा संभाग ने सांसद, विधायक और नेता रहेंगे। सभा में केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह, सांसद गोमती साय, गुहाराम अजगले, नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, प्रदेश के महामंत्री ओपी चौधरी सहित भाजपा ने विधायक रहेंगे। इसी तरह से कांकेर में होने वाली केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह की सभा में भीड़ जुटाने का काम बस्तर संभाग के जिले करेंगे। राजनाथ सिंह की सभा में प्रदेश के बड़े नेताओं के साथ बस्तर संभाग के नेता शिरकत करेंगे। इसमें सांसद और विधायक भी शामिल होंगे।



