लोगों के जीवन में बदलाव लाना सिविल सेवकों का ध्येय होना चाहिए : बिरला - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
Top News

लोगों के जीवन में बदलाव लाना सिविल सेवकों का ध्येय होना चाहिए : बिरला

मसूरी/नई दिल्ली। लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गुरुवार को लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (एलबीएसएनएए), मसूरी द्वारा आयोजित 127वें इंडक्शन ट्रेनिंग कार्यक्रम में प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करते कहा कि लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना सिविल सेवकों का ध्येय होना चाहिए। उन्होंने  प्रशिक्षु अधिकारियों से समाज की बेहतरी के साथ ही लोगों की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए नवाचार और पारदर्शिता को शासन के माध्यम के रूप में अपनाने की अपील की।

इस बात का उल्लेख करते हुए कि लाल बहादुर शास्त्री प्रशासन अकादमी (एलबीएसएनएए), मसूरी लोकतांत्रिक मूल्यों, सादगी और सत्यनिष्ठा का प्रतीक है, श्री बिरला ने राष्ट्र निर्माण में इस अकादमी के योगदान के बारे में विस्तार से बात की । अधिकारियों को कर्मयोगी बताते हुए उन्होंने उन्हें राष्ट्र की समृद्धि और प्रगति में सक्रिय रूप से योगदान करने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम से उनका  दृष्टिकोण और व्यापक होगा और उन्हें शासन के प्रति नए दृष्टिकोण की प्रेरणा मिलेगी । यह कहते हुए कि लोकतंत्र के तीन स्तंभ हैं, जिनमें कार्यपालिका की भूमिका महत्वपूर्ण है, श्री बिरला ने इस बात पर जोर दिया कि नीतियां बनने के बाद उन्हें प्रभावी ढंग से लागू करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। पूर्व प्रधानमंत्री, श्री लाल बहादुर शास्त्री के बारे में बात करते हुए उन्होंने  कहा कि शास्त्री जी का जीवन और उनके विचार लोक सेवकों को विनम्रता और प्रतिबद्धता के साथ लोकतांत्रिक आदर्शों को बनाए रखने के लिए प्रेरित करते रहेंगे।

उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि वे केवल कानून और योजनाओं का कार्यान्वयन न करें, बल्कि ऐसे परिवर्तनकर्ता बनें जो विशेष रूप से संकट और चुनौती के समय में समाज का उत्थान करें । उन्होंने कहा कि अधिकारी के पास आने वाले हर नागरिक को यह महसूस होना चाहिए कि उसकी बात सुनी जा रही है और उसकी सहायता की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि वे हर मामले को अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारी के रूप में लें और  यह सुनिश्चित करें कि किसी की बात भी अनसुनी न रहे और कोई भी उपेक्षित न रहे।

Related Articles

Back to top button