लावारिस मिले 50 लाख का नहीं मिला दावेदार

रायपुर(realtimes) तीन दिन बीतने के बाद भी माना थाना क्षेत्र अंतर्गत राय पब्लिक स्कूल के सामने मिले नोटों का कोई दावेदार नहीं पहुंचा है. ऐसे में शक गहराता जा रहा है और पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच तेज कर दी है. वहीं पुलिस ने भी लावारिस मिले 50 लाख रुपए के बंडल की बैंक या एक्सपर्ट से जांच नहीं कराई हैं.
बताया जा रहा है कि अभी कुछ दिनों तक दावेदारों का इंतजार किया जाएगा.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ट्रैफिक थाना कयाबांधा नवा रायपुर में पदस्थ आरक्षक निलाम्बर सिन्हा को शनिवार की सुबह 45 लाख रुपए से भरा सफेद रंग का बैग माना क्षेत्रांतर्गत स्थित राय पब्लिक स्कूल के सामने रोड में मिला था. आरक्षक सुबह 8.30 बजे विमानतल से ड्यूटी कर माना कैम्प जा रहा था. बैग को खोलकर चैक किया तो बैग के अंदर अलग-अलग बंडलों में 2000 एवं 500 के नोटों की गड्डियां थीं. वहीं नोटों के एक बंडल को लेकर ऑटो चालक फरार हो गया था. उसके बाद रुपयों का बंडल सिविल लाइन थाने में लाकर दे दिया.
फिलहाल पुलिस ने ऑटोचालक के नाम, पते का खुलासा नहीं किया है. सूत्रों का कहना है कि अभी पुलिस का पूरा फोकस लावारिस नोटों के मालिक तक पहुंचने पर है.



