भाजपा के नए प्रभारी माथुर आज आएंगे, दो दिनों तक करेंगे मैराथन बैठक

रायपुर(realtimes) भाजपा के नए प्रदेश प्रभारी ओम माथुर का पहली बार आज दोपहर रायपुर आगमन हो रहा है। उनके स्वागत के लिए भाजपा के सभी बड़े नेता एयरपोर्ट जाएंगे। इसी के साथ भाजयुमो के चार सौ बाइकर उनके वाहन के काफिले से पहले रैली के रूप में चलेंगे और उनको लेकर ठाकरे परिसर पहुंचेंगे। विमानतल पर सैकड़ों की संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचेेंगे। जिला भाजपा ने रविवार को बैठक करके सबको जिम्मेदारी सौंपी है।तय कार्यक्रम के मुताबिक श्री माथुर आज दोपहर 1.40 बजे रायपुर पहुंचेंगे। उनके स्वागत के लिए माना एयरपोर्ट पर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष अरूण साव, नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, रायपुर के सांसद सुनील सोनी, विधायक बृजमोहन अग्रवाल, अजय चंद्राकर, शिवरतन शर्मा सहित ज्यादा विधायक और सांसद, प्रदेश संगठन के पदाधिकारी पहुंचेंगे। इसके अलावा महिला मोर्चा, भाजयुमो, किसान मोर्चा सहित सभी मोर्चा, प्रकोष्ठ के भी पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहेंगे। सबसे पहले एयरपोर्ट पर स्वागत होगा। इसके बाद माना में भी भव्य स्वागत किया जाएगा। अंत में कुशाभाऊ ठाकरे परिसर के गेट पर और बाद में परिसर के अंदर भी उनका स्वागत होगा। पहले दिन तो कोई बैठक नहीं है। श्री माथुर ठाकरे परिसर में आने वाले पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।
दो दिनों तक हाेगी बैठकें
मंगलवार की सुबह 10.30 से 12.30 बजे तक कोर कमेटी, प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश मोर्चा अध्यक्ष, जिला प्रभारी, सहप्रभारी, जिलाध्यक्षों की बैठक होगी। इसके बाद 12.30 से 2.30 बजे तक संभाग प्रभारी और प्रदेश के महामंत्रियों की बैठक होगी। 3.30 से 5.00 बजे तक सांसद और विधायकों की बैठक, 5.00 से 8.00 बजे तक कोर कमेटी के सदस्यों से अलग से चर्चा। बुधवार को 11.00 से 2.00 बजे तक सभी माेर्चा के प्रदेश पदाधिकारियों और 2.30 से 4.00 बजे तक सभी प्रकोष्ठ के संयोजकों और सहसंयोजकों की बैठक होगी। 24 नवंबर को श्री माथुर 11.30 बजे से व्यक्तिगत मुलाकात करेंगे और रात को 7.30 बजे ललित महल में पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल के भतीजे के विवाह समारोह में शामिल होंगे।



