भाजपा अध्यक्ष नड्डा की आज बस्तर के लालबाग मैदान में दोपहर 2 बजे बड़ी आम सभा

रायपुर . बस्तर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की आज दाेपहर काे दाे बजे एक बड़ी सभा लालबाग मैदान में होगी। इसी के साथ वे लोकसभा कोर कमेटी की बैठक भी लेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जहां कई नेता बस्तर पहुंचे चुके हैं, वहीं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल और कुछ अन्य नेता आज सुबह बस्तर गए हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने देश भर की जिन लोकसभा सीटों को चिन्हित किया है, जहां पर भाजपा के सांसद नहीं हैं। ऐसी सीटों में छत्तीसगढ़ की दो सीटें शामिल हैं। एक सीट कोरबा है, जहां पर पिछले माह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का दौरा हो चुका है। अब दूसरी सीट बस्तर है। इस सीट के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने खुद को ही वहां पर झोंकने का फैसला किया और अब वे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह की बजाए खुद सभा लेने आ रहे हैं।
लेंगे लोकसभा कोर कमेटी की बैठक
श्री नड्डा आज सुबह 11 बजे दिल्ली से सीधे विमान द्वारा जगदलपुर पहुंचेंगे। वहां पहुंचने के बाद सबसे पहले वे विमानतल से सीधे जगदलपुर के दंतेश्वरी मंदिर जाएंगे और वहां दर्शन करने के बाद जिला भाजपा कार्यालय पहुंचेंगे। कार्यालय में 12.10 से लोकसभा कोर कमेटी की बैठक लेंगे। इस बैठक में वे बस्तर लोकसभा में भाजपा की स्थिति की जानकारी लेंगे। इसके बाद इस सीट को जीतने की रणनीति बनेगी। भाजपा हर उस सीट को जीतने पर फोकस कर रही है, जहां पर भाजपा के सांसद नहीं हैं। बैठक के बाद श्री नड्डा लालबाग मैदान जाएंगे जहां पर वे 1.50 से 3.30 बजे तक आम सभा में शामिल होंगे।
ये रहेंगे उपस्थित
श्री नड्डा की सभा में शामिल होने के लिए प्रदेश सहप्रभारी नितिन नवीन, अजय जामवाल, प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय पहले ही बस्तर पहुंच चुके हैं। प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप, ओपी चौधरी वहां पर पहले से डटे हुए हैं। बस्तर के आदिवासी नेता पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, लता उसेंडी, पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, सुभाऊ कश्यप सहित कई नेता सभा की तैयारी में पहले से लगे हुए हैं।



