प्रशासनिक भवन के ठीक सामने दिनदहाड़े उठाईगिरी.. स्कार्पियों का शीशा तोड़कर नकदी और दस्तावेज चोरी..

अंबिकापुर। अंबिकापुर के संत गहिरा गुरु विश्विद्यालय के प्रशासनिक भवन के ठीक सामने स्कार्पियो खड़ी थी। उठाईगीरों ने गाड़ी का कांच तोड़कर अंदर रखे लगभग 15 हजार रुपये नकद और कुछ दस्तावेज पार कर दिया। वाहन में ही एक बैग में 30 हजार रुपये भी रखे हुए थे लेकिन उठाईगीरों का ध्यान उस बैग पर नहीं गया। पुलिस ने घटना की जानकारी के बाद अज्ञात उठाईगिरों की पड़ताल कर रही है।
जानकारी के मुताबिक उठाईगिरी की ये वारदात अंबिकापुर के संत गहिरा गुरु विश्विद्यालय के ठीक सामने की है। जानकारी के मुताबिक उठाईगिरी का शिकार हुए सुभाषचंद्र कुशवाहा मूलतः सूरजपुर जिला के भटगांव निवासी है। पुलिस के मुताबिक वह अपनी पत्नी और बहन के साथ स्कार्पियो वाहन से अंबिकापुर आए थे। चिकित्सक की सलाह के अनुरूप पत्नी की सोनोग्राफी कराने के लिए वे दर्रीपारा स्थित एक निजी सोनोग्राफी सेंटर गए थे। उन्होंने अपनी स्कार्पियो वाहन को संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के सामने खड़ा कर दिया था। मेडिकल जांच कराने के बाद जब वे वापस लौटे, तो स्कार्पियो का एक तरफ का शीशा टूटा हुआ नजर आया।
जब उन्होंने स्कार्पियो का लाक खोल भीतर जांच किया, तो पता चला कि 15 हजार रुपये व कुछ दस्तावेज से भरा पर्स गायब था। गाड़ी से उठाईगिरी होने की पुष्टि होने के बाद उन्होने तत्काल पुलिस को इस घटना की सूचना दी। पुलिस टीम द्वारा तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू किया गया।पुलिस की जांच में पता चला कि 30 हजार रुपये से भरा एक बैग गाड़ी के अंदर ही सुरक्षित है। उठाईगीरों का ध्यान उस बैग की ओर नहीं गया। पुलिस ने आसपास लगे सीसी कैमरे की मदद से उठाईगिरों का सुराग जुटाने का प्रयास कर रही है।



