पैदल मार्च कर राजभवन पहुंचा भाजपा विधायक दल, राज्य सरकार काे बर्खास्त करने की मांग - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

पैदल मार्च कर राजभवन पहुंचा भाजपा विधायक दल, राज्य सरकार काे बर्खास्त करने की मांग

रायपुर(realtimes) भाजपा विधायक दल ने मंगलवार को राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन को ज्ञापन सौंपकर प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ हुए नग्न प्रदर्शन की घटना पर संज्ञान लेकर आवश्यक वैधानिक पहल करने और प्रदेश की सरकार को तत्काल बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की है। भाजपा विधायक दल ने कहा, विधानसभा मार्ग पर पूर्णतः नग्न प्रदर्शन की घटना ने छत्तीसगढ़ को शर्मसार किया है।

भाजपा विधायक दल नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल के नेतृत्व में शाम 5.30 बजे आंबेडकर चौक में एकत्र हुआ। यहां से राजभवन के लिए पैदल मार्च निकाला गया। राज्यपाल को सौंपे अपने ज्ञापन में भाजपा ने कहा, कांग्रेस सरकार की अकर्मण्यता के कारण युवाओं में उपजा आक्रोश नग्न प्रदर्शन की हद तक पहुंच गया। छत्तीसगढ़ को शर्मसार करने वाली इस घटना में, प्रदेश के युवाओं ने पूर्णत: नग्न होकर विधानसभा के रास्ते पर प्रदर्शन किया। यह दुर्भाग्यजनक घटना न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि भारत के इतिहास में ही अपनी तरह की अकेली घटना है। कांग्रेस सरकार की अकर्मण्यता और उसकी विभाजनकारी स्वार्थी राजनीति के कारण यह दु:खद परिस्थिति उत्पन्न हुई है। इन युवाओं ने अपने इस प्रदर्शन की सूचना पहले ही शासन-प्रशासन को दे दी थी, बावजूद इसके शासन ने जरा-सी संवेदना दिखाने की जरूरत नहीं समझी। ये युवा फर्जी जाति प्रमाण पत्र के सहारे उनका अधिकार छीने जाने का विरोध कर रहे थे।  

Related Articles

Back to top button