मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
City

नीट-पीजी, यूजीसीे-नेट परीक्षाओं के लिए CS ने दिए ये निर्देश

रायपुर. राज्य के मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने आज मंत्रालय महानदी भवन से एक महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक का आयोजन किया। इस बैठक में राज्य के सभी संभागायुक्त और कलेक्टर्स शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी प्रवेश एवं प्रतियोगी परीक्षाओं और मौसमी बीमारियों के संबंध में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देना था।

मुख्य सचिव जैन ने बताया कि केन्द्र और राज्य सरकार विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में निष्पक्षता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अभियान चला रही है। उन्होंने सभी कलेक्टर्स और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए कि वे आगामी परीक्षाओं में सतर्कता और संवेदनशीलता से कार्य करें। परीक्षा केन्द्रों पर केन्द्र सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन करने पर जोर दिया गया है।

इसके अलावा, भारत सरकार द्वारा एक जुलाई से 31 अगस्त 2024 तक स्टॉप डायरिया अभियान चलाया जा रहा है। इस संबंध में मुख्य सचिव ने सभी जिलों को डायरिया नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नीट-पीजी और यूजीसी-नेट जैसी आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं में विशेष सतर्कता बरतने की भी बात कही।

मुख्य सचिव ने प्रत्येक जिले में नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए हैं जो परीक्षाओं के आयोजन और सुरक्षा व्यवस्थाओं की देखरेख करेंगे। इसके साथ ही, उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में डायरिया के मामलों पर विशेष नजर रखने और ओआरएस और जिंक की गोलियों का वितरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, गृह एवं जेल विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे। सभी अधिकारियों को पेयजल के स्त्रोतों की साफ-सफाई और पाइपों के सुधार के निर्देश भी दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button