नरेंद्र मोदी ने अरबपतियों के 16 लाख करोड़ रुपए माफ किए, हम ये पैसा गरीबों को देंगे: राहुल गांधी - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
national

नरेंद्र मोदी ने अरबपतियों के 16 लाख करोड़ रुपए माफ किए, हम ये पैसा गरीबों को देंगे: राहुल गांधी

लोग कहते हैं कि गरीबों को पैसे देने से आदत बिगड़ेगी, लेकिन कोई यह बताए कि जब मोदी अमीरों के पैसे माफ करते हैं तो उनकी आदत नहीं बिगड़ती क्या? मेरे दिमाग में 16 लाख करोड़ का नंबर है, मैं उसे देखकर चल रहा हूं: राहुल गांधी

अनूपगढ़। लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपना प्रचार अभियान तेज कर दिया है। पार्टी नेता देशभर में ताबड़तोड़ रैलियां कर रहे हैं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को राजस्थान के अनूपगढ़ में विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने अरबपतियों के 16 लाख करोड़ रुपए माफ किए, हम ये पैसा गरीबों को देंगे।

राहुल गांधी ने कहा कि कहा कि हिंदुस्तान की 200 सबसे बड़ी कंपनियों के मालिक और सीनियर मैनेजमेंट में पिछड़े वर्ग के लोग नहीं हैं। मोदी ने इन कंपनियों के 16 लाख करोड़ रुपए माफ किए हैं। हिंदुस्तान के 25-30 अमीर लोगों का इतना पैसा माफ कर दिया, जितना 24 साल तक मनरेगा के जरिए मजदूरों को मिलता।

राहुल गांधी ने कहा कि जितना पैसा मोदी ने अरबपतियों को दिया है, चुनाव जीतने के बाद हम गरीब, पिछड़ों, आदिवासियों, दलितों को देंगे। लोग कहते हैं कि इससे आदत बिगड़ेगी, लेकिन कोई यह बताए कि जब मोदी अमीरों के पैसे माफ करते हैं तो उनकी आदत नहीं बिगड़ती क्या? मेरे दिमाग में 16 लाख करोड़ का नंबर है, मैं उसे देखकर चल रहा हूं।

राहुल गांधी ने केंद्र पर हमला बोलते हुए कहा कि 30 लाख सरकारी पोस्ट को नरेंद्र मोदी सरकार ने खाली रखा सिर्फ अपने 20-25 लोगों की मदद करने के लिए। हम सरकार में आते ही लोगों को 30 लाख सरकारी नौकरी देंगे। सरकार और पीएसयू में ठेकेदारी प्रथा बंद होगी। सरकार की संस्थाओं में काम करने वालों को परमानेंट नाैकरी दी जाएगी। हमारी सरकार आएगी तो किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य का कानून लागू करेंगे। अगर नरेंद्र मोदी कर्जा माफ कर सकते हैं तो कांग्रेस फिर से किसानों का कर्जा माफ करके दिखाएगी।

राहुल गांधी ने कहा कि पहले सेना गांरटी देती थी कि यदि आप शहीद हुए तो परिवार को मुआवजा मिलेगा, कैंटीन मिलेगी, पेंशन मिलेगी। नरेंद्र मोदी ने अग्निवीर स्कीम लाकर भरोसा तोड़ा है। ये आर्मी ने नहीं कहा कि हमें अग्निवीर चाहिए, ये पीएम ऑफिस से लागू हुई है। जैसे ही सरकार आएगी, अग्निवीर योजना रद्द कर देंगे। पहले जैसी सुविधाएं देंगे।

राहुल गांधी ने कहा कि हिंदुस्तान के हर गरीब परिवार की एक महिला को हमारी सरकार साल का एक लाख रुपए बैंक अकाउंट में डालेगी। हर महीने 8500 रुपए सरकार उस दिन तक देगी, जब तक कि आप गरीबी रेखा से बाहर न आ जाएं। यदि आप गरीबी रेखा के नीचे हो, आपके बैंक अकाउंट में हर महीने 8500 रुपए आते रहेंगे। एक झटके में हिंदुस्तान से हम गरीबी को मिटा देंगे। हम चुनाव जीतने के बाद जातिगत जनगणना करेंगे। यह पता लगाएंगे कि हिंदुस्तान का धन कितने और किन लोगों के हाथ में है।

Related Articles

Back to top button