देश भर में वाहनों की बिक्री की रफ्तार टॉप गियर में, छत्तीसगढ़ में रिवर्स गियर में - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
businessState

देश भर में वाहनों की बिक्री की रफ्तार टॉप गियर में, छत्तीसगढ़ में रिवर्स गियर में

रायपुर(realtimes) देश भर में नवंबर में वाहनों की बिक्री की रफ्तार टॉप गियर में रही है,  पिछले साल की तुलना में बिक्री 28 फीसदी ज्यादा हुई है,  लेकिन अपने राज्य छत्तीसगढ़ में बिक्री रिवर्स गियर में जाते हुए 28 फीसदी कम हाे गई है। सबसे कम दोपहिया वाहन बिके हैं। कारों की खरीदारी भी इस माह कम हुई है। लेकिन तिपहिया और कमर्शियल वाहन ज्यादा बिके हैं। इसके पीछे का सबसे बड़ा कारण आटोमोबाइल्स कारोबारी यह बता रहे हैं कि इस साल दीपावली अक्टूबर में पड़ने के कारण इस माह ज्यादा वाहन बिके, जबकि पिछले साल दीपावली नवंबर में होने के कारण उस माह ज्यादा वाहन बिके थे। लेकिन देश भर में फिर भी इस साल नवंबर में बिक्री फिर भी ज्यादा हुई है।

छत्तीसगढ़ में मंदी के दौर के साथ कोरोना काल में भी वाहनों की बिक्री की रफ्तार ज्यादा मंद नहीं हुई थी, लेकिन पहली बार दीपावली के बाद नवंबर में बिक्री की रफ्तार ने दम तोड़ा है। कारोबारियों का यही कहना है कि आमतौर पर त्योहारी सीजन नवरात्रि, पुष्य नक्षत्र, धनतेरस और दीपावली के बाद वाहनों की बिक्री की रफ्तार कम हो जाती है। लेकिन इस बार देश में चार पहिया वाहनों की बिक्री की रफ्तार नवंबर में बहुत बढ़ी है, लेकिन ये छत्तीसगढ़ में कम बिके हैं। 


33 फीसदी कम बिके ये वाहन


छत्तीसगढ़ में इस साल नवंबर में वाहनों की बिक्री की बात की जाए तो इस साल दोपहिया वाहनों की बिक्री में ही सबसे ज्यादा गिरावट आई है। पिछले साल जहां दोपहिया वाहन 63098 बिके थे, वहीं इस साल 42400 बिके हैं जो पिछले साल से 33 फीसदी कम हैं। इसी तरह से चार पहिया वाहन पिछले साल नवंबर में 4917 बिके थे, जबकि इस साल नवंबर में 3287 बिके हैं। यह भी पिछले साल से 33 फीसदी कम है। ट्रक भी पिछले साल से चार प्रतिशत कम बिके हैं। इस साल नवंबर में ये 2905 बिके हैं जबकि पिछले साल 3031 बिके थे।


ये वाहन ज्यादा बिके


जहां एक तरफ दोपहिया और चार पहिया वाहन कम बिके हैं, वहीं कमर्शियल वाहन ज्यादा बिके हैं। पिछले साल ये 1474 बिके थे जबकि इस साल नवंबर में ये 3287 बिके हैं। यानी इसमें 93 प्रतिशत का ग्रोथ आया है। इसी तरह से तिपहिया वाहनों में सबसे ज्यादा 186 प्रतिशत का ग्रोथ आया है। ये पिछले साल 317 बिके थे, जबकि इस साल नवंबर में 908 बिके हैं। ओवरआल वाहनों की बिक्री को देखे तो पिछले साल ये 72837 बिके थे, जबकि इस साल 52340 बिके हैं। कुल मिलाकर यह 28.14 प्रतिशत पिछले साल से कम हैं।

Related Articles

Back to top button