छत्तीसगढ़ में कांग्रेस नेता की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने बस्ती में मारी गोली - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस नेता की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने बस्ती में मारी गोली

नारायणपुर जिले में कांग्रेस नेता विक्रम बैस की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने बीच बस्ती में उन्हें 3 गोलियां मारी, जिससे मौके पर ही मौत हो गई।

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में एक कांग्रेस नेता गोली मारकर हत्या कर दी गई। अज्ञात हमलावरों ने कांग्रेस नेता विक्रम बैस को बीच बस्ती में 3 गोलियां मारी, जिससे मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारे तत्काल भाग निकले। शुरुआती जांच में वारदात के आपसी रंजिश में होने की बात सामने आई है। 

घटना नारायणपुर सिटी कोतवाली क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात विक्रम बैस जिला मुख्यालय के बखरूपारा स्थित अपने घर के बाहर टहलने के लिए निकले थे। इसी बीच अचानक कुछ हमलावर बाइक से आ धमके। उन्होंने विक्रम पर एक के बाद एक लगातार 3 गोलियां दागीं। जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकले। उन्होंने देखा कि विक्रम बैस खून से लथपथ जमीन पर पड़े हैं। इसके बाद तत्काल उन्हें जिला अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बीच बस्ती हुई इस वारदात के बाद लोगों में दहशत का माहौल है वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

विक्रम बैस पिछले कई सालों से कांग्रेस पार्टी से जुड़कर काम कर रहे थे। वे ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष थे। इसके अलावा नारायणपुर परिवहन संघ के सचिव भी थे। नारायणपुर के SP प्रभात कुमार के मुताबिक शुरुआती तौर पर जांच में पाया गया है कि यह नक्सली घटना नहीं है। हो सकता है आपसी रंजिश हो। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

Related Articles

Back to top button