
रायपुर(realtimes) छत्तीसगढ़ की सड़कों पर भी अब सस्ती ई-कारें दाैड़़ने लगी हैं। दरअसल सबसे सस्ती टाटा की ई-कार टियागो आसानी से ऑन डिमांड मिल रही है। इसके पहले प्रदेश में ई-कार 15 से 20 लाख वाली ही मिल रही थी। लेकिन अब 8.69 लाख वाली कार आने के बाद इसको खरीदने वाले ज्यादा हो गए हैं। प्रदेश की भूपेश सरकार ने भी राज्य के लाेगाें काे ई-वाहनों में बड़ी राहत देने का जो फैसला किया है, उसके कारण अब प्रदेश में ई-वाहनों का क्रेज लगातार बढ़ रहा है। प्रदेश में ई-बाइक की भारी संख्या में बिक रही है।
पेट्रोल की लगातार बढ़ती कीमत के कारण अब ई-वाहनों की तरफ लोगों का रुझान बढ़ रहा है। प्रदेश में पहले इसकी बिक्री कम हो रही थी, लेकिन अब इसकी बिक्री धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। अब तो प्रदेश सरकार ने भी ई-वाहनों की खरीदी के लिए लोगों को प्रोत्साहित करने सब्सिडी भी देने का ऐलान कर दिया है। इसके बाद से अब ई-वाहन बेचने वाले ऑटोमोबाइल कारोबारियों के यहां जहां लोग वाहनों की जानकारी लेने ज्यादा पहुंच रहे हैं, वहीं वाहन भी खरीद रहे हैं।
हर माह बिक रहीं सौ कारें
ई-कारों की बिक्री रायपुर और भिलाई के साथ प्रदेश के कुछ और शहरों में ही हो रही है। हर माह करीब सौ कारें बिक रही हैं। जब टाटा की टियागो नहीं आई थी, तब प्रदेश में 60 से 70 कारें बिक रही थीं, लेकिन टियागो के आने के बाद बिक्री में इजाफा हो गया है। रायपुर में टाटा के तीन मॉडलों की कारें हर माह 40 से 50 बिक जाती हैं। इसी के साथ भिलाई में भी दस से 20 से 25 कारें बिकती हैं। टाटा की टी-गोर ई-कार करीब 12 लाख की है। इसी के साथ टाटा की नेक्सन ईवी की कीमत 15 लाख से प्रारंभ होती है जो 20 लाख तक जाती है। टाटा का नया मॉडल ई-टियागो 8.69 लाख की है। कम कीमत के कारण इस कार का ज्यादा क्रेज है। ऑटोमोबाइल कारोबारियों के मुताबिक टाटा के अलावा एमजी की कारें भी यहां पर बिक रही हैं। इन कारों की कीमत 22 से 25 लाख है। ये कारें भी हर माह एक दर्जन से ज्यादा बिक जाती हैं। एमजी की नई सस्ती कार भी आ गई है। इसकी कीमत तो टाटा की टियागो से भी कम है।
डेढ़ लाख तक सब्सिडी
प्रदेश सरकार ने दस फीसदी सब्सिडी का ऐलान किया है। ऐसे में अगर कोई 15 लाख तक की ई-कार लेता है तो उसे डेढ़ लाख कम लगते हैं। लेकिन कोई 20 लाख की कार लेगा तो उसे दो लाख की बजाए डेढ़ लाख ही कम लगते हैं, क्योंकि प्रदेश सरकार की नीति में डेढ़ लाख से ज्यादा की सब्सिडी देने का प्रावधान नहीं है।
प्रदेश में माह बिक रही अब दो हजार बाइकजीके होंडा से संचालक पुनीत पारवानी के मुताबिक रायपुर में सबसे ज्यादा ई-बाइक बिक रही है। अप्रैल 2022 से मार्च 2023 तक 7171 ई-बाइक रायपुर में बिकी है। जहां तक प्रदेश का सवाल है तो रोज डेढ़ से ढाई हजार तक हो रही है। अप्रैल 2022 में 1397 ई-बाइक बिकी। इसके बाद मई में 834, जून 1038, जुलाई में 1309, अगस्त में 1360, सितंबर में 1190 और अक्टूबर में रिकॉर्डतोड़ 2471 और नवंबर में धनतेरस और दीपावली के कारण 2725 ई-बाइक बिकी। दिसंबर में 1883 और इस साल जनवरी में 1922, फरवरी में 1871 और मार्च में 2170 ई-बाइक बिकी है।



