चुनाव में हमारी पहली लड़ाई संविधान बचाने के लिए: गुलाम अहमद मीर - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
Top News

चुनाव में हमारी पहली लड़ाई संविधान बचाने के लिए: गुलाम अहमद मीर

रांची। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर की अध्यक्षता में शनिवार को सभी लोकसभा क्षेत्र के प्रभारी, लोकसभा उम्मीदवार, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी,प्रवक्ता की बैठक प्रेस क्लब सभागार में हुई। बैठक के मुख्य अतिथि प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने कहा कि आने वाले चुनाव में हमारी पहली लड़ाई संविधान बचाने के लिए है, तो दूसरी लड़ाई लोगों के स्वतंत्रता के अधिकार को बचाने के लिए है। लोग इस देश में अपनी मर्जी से कैसे रहे, क्या खाएं, क्या पहने, क्या बोलें इसकी स्वतंत्रता होनी चाहिए। उन्होंने लोकसभा उम्मीदवारों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक संसदीय स्तर पर एक केंद्रीय चुनाव कार्यालय खोलना है, जो 24 घंटे सातों दिन खुला रहेगा। कांग्रेस के मेनिफेस्टो का अनुसरण करना है। राहुल गांधी के जरिये जनता को दिए गए वचन का अनुसरण करना है। बूथ स्तर पर गारंटी कार्ड को जनता के बीच वितरित करना है, लोकसभा स्तर पर नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच जिम्मेवारियों का बंटवारा करना है।

उन्होंने कहा कि किसी भी पार्टी का मेनिफेस्टो पार्टी का रोड मैप होता है। कांग्रेस का इस बार का मेनिफेस्टो परंपरागत मेनिफेस्टो नहीं है बल्कि जब कई वर्षों से देश के लोगों की बात कोई नहीं सुन रहा था। केंद्र सरकार आंखें बंद कर सोई पड़ी थी। कानों को बंद किए हुए थी। तब राहुल गांधी ने सुनने का काम किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि झारखंड में चुनावी माहौल अच्छा है। कांग्रेस के पांच न्याय 25 गारंटी को हमें जनता के समक्ष पूरी तरह से रखना होगा ताकि आम जनता मोदी के जरिये दी गई झूठी गारंटी और कांग्रेस के जरिये पूर्व में दी गई गारंटी और आगामी चुनाव के लिए दी जा रही गारंटी की तुलना कर सके। उन्होंने कहा कि पूरा देश भाजपा के चंगुल से आजाद होना चाह रहा है। उनके झूठे जुमले को सुन सुन कर जनता के बीच असंतोष बढ़ता जा रहा है और जनता के सब्र का पैमाना छलक चुका है और अपने गुस्से को वह मतदान में तब्दील करना चाहती है।

 

 

Related Articles

Back to top button