चाहे बस्तर के गांव हाे या सरगुजा के किसी शहर का उपभोक्ता, रिचार्ज न कराने पर रायपुर से ही कट हो जाएगी बिजली

रायपुर. बस्तर के किसी दूर के गांव का कोई उपभोक्ता हाे या फिर सरगुजा के किसी भी शहर का उपभोक्ता अगर उसने बिजली लेने के लिए स्मार्ट मीटर लगने के बाद अपना रिचार्ज नहीं कराया ताे रायपुर से ही उसकी बिजली कट हाे जाएगी।
प्रदेश के उपभोक्ताओं को आने वाले समय में प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगने पर बिजली मिलेगी। इसके लिए रिचार्ज कराना होगा। इसके लिए राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी में कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। स्मार्ट मीटर लगाने का काम अभी तो दो कंपनियों ने लिया है, एक और टेंडर अभी बाकी है। ठेका लेने वाली तीन कंपनियां भी होने पर एक ही कंट्रोल रूम बनाने पर भी विचार हो रहा है। ऐसा नहीं हुआ तो भी रायपुर में ही तीन कंट्रोल रूम बनेंगे।
प्रदेश से सभी वर्गों के उपभोक्ताओं के पुराने मीटरों को बदलकर स्मार्ट मीटर लगाकर सभी कनेक्शनों को पोस्टपेड से प्रीपेड किया जाएगा। इसके लिए रायपुर संभाग का काम टाटा और बिलासपुर-अंबिकापुर का जीनस कंपनी को मिला है। मीटर लगने के बाद पहले रिचार्ज करने पर ही बिजली मिलेगी। सबसे पहले रायपुर में सरकारी विभागों के साथ बड़े व्यापारिक संस्थानों में मीटर लगेंगे। इसके बाद घरेलू उपभोक्ताओं के मीटर बदले जाएंगे।
गुढ़ियारी में बनेगा कंट्रोल रूम
जिन कंपनियां ने ठेका लिया है, वो कंपनियां मीटर लगाने से पहले कंट्रोल रूम बनाने का काम करेगी। छत्तीसगढ़ राज्य पावर कंपनी ने गुढ़ियारी में स्थान देने का फैसला किया है। इसके लिए एक ही संयुक्त कंट्रोल रूम बनाने पर विचार चल रहा है। अगर ठेका लेने वाली कंपनियां नहीं मानीं तो एक ही स्थान पर तीन अलग-अलग कंट्रोल रूम बनाए जाएंगे। इन कंट्रोल रूम में मीटर टेडा मैनेजमेंट सिस्टम लगेगा, जिससे पूरे प्रदेश के मीटरों का कंट्रोल यहां से होगा।
रिचार्ज समाप्त होने से पहले आएगा मैसेज
कंट्रोल रूम में बैठकर ही पूरी जानकारी हो जाएगी कि किस उपभोक्ता ने रिचार्ज कराया है और किस ने नहीं कराया है। रिचार्ज न कराने वालों की बिजली यहां पर बैठकर कट कर दी जाएगी। रिचार्ज समाप्त होने से पहले उपभोक्ताओं को मोबाइल फोन की तर्ज पर ही लगातार मैसेज जाएगा कि उसका रिचार्ज समाप्त हो रहा है, रीचार्ज करा लें नहीं तो बिजली कट हो जाएगी।



